जेल में कैदियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे, बीच-बचाव कराने आए जेल प्रहरी को भी पीट दिया

पहले एक कैदी पर कमेंट कसा, फिर उसे घेरकर पिटाई कर रहे थे 6 कैदी
टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ की जिला जेल में कैदियों के बीच झगड़ा हो गया। यहां एक कैदी के साथ मारपीट की गई। उसे बचाने पहुंचे जेल आरक्षक के साथ भी विवाद हो गया और कैदियों ने मिलकर उनकी भी पिटाई कर दी। मामले में 6 कैदियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस जांच कर रही है। दरअसल, जेल में बंद कैदी ओमी पासोरिया सोमवार को जेल से मिलने वाली फोन सुविधा पर परिजन से बात कर रहा था। इसी बीच कुछ अन्य कैदी मौके पर पहुंचे और वह कमेंट करने लगे। इस बात पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। यहां मामला शांत करा दिया गया। इसके बाद जैसे ही ओमी पासोरिया अपनी बैरक में पहुंचा तो बंदी अनूप पासोरिया, तरूण पासोरिया, साहिल वाल्मीकि, अनुभव पासोरिया, प्रवेश वाल्मीकि और प्रदीप वाल्मीकि ने घेर लिया और ओमी के साथ मारपीट शुरू कर दी।

कैदियों को झगड़ा करने से रोकने आए थे आरक्षक

इस बात की जानकारी वरिष्ठ जेल प्रहरी शिवनारायण खरे को मिली तो वे मौके पर पहुंचे और उन्हें रोकने की कोशिश करने लगे। लेकिन कैदियों ने जेल प्रहरी के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। यह देख मौके पर मौजूद अन्य जेल प्रहरियों ने जेल आरक्षक को कैदियों से छुड़ाया। बताया जा रहा है कि जेल में बंद बंदियों ने एकराय होकर जेल आरक्षक के साथ मारपीट की है।

पुलिस ने कहा- आरोपी कैदियों से पूछताछ करेंगे

फिलहाल, घटना की जानकारी थाना कोतवाली पुलिस को दी गई। मामले में सभी 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। टीआई वीरेंद्र सिंह पवार का कहना था कि जेल प्रहरी के साथ मारपीट क्यों हुई, इस बात की जांच की जा रही है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। इसके बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts