राजनीतिक लड़ाई के बीच तृषा का नाम क्यों? CM विजय के बयान से मचा सियासी घमासान, बोले- 'महिलाओं के खिलाफ अभद्र...'

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और TVK प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने महिलाओं के खिलाफ की जाने वाली आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियों पर सख्त नाराजगी जताई है। सोमवार को विधानसभा में बोलते हुए विजय ने कहा कि उनकी राजनीतिक सफलता में महिलाओं की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने साफ कहा कि राजनीति में आलोचना हो सकती है, लेकिन महिलाओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जाएगा। विजय का यह बयान अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर चल रहे विवाद के बीच आया है। हालांकि उन्होंने किसी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनका बयान DMK नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन से जुड़े विवाद के संदर्भ में देखा जा रहा है।
विजय बोले-' राजनीति में आलोचना करें, लेकिन मर्यादा न भूलें'
विधानसभा में विजय ने कहा कि राजनीतिक बहस और आलोचना अपनी जगह है। नेता एक-दूसरे की नीतियों और कामकाज पर सवाल उठा सकते हैं, लेकिन किसी महिला के खिलाफ व्यक्तिगत या अपमानजनक टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोलने की आजादी का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए। विजय ने यह भी कहा कि अगर महिलाओं का अपमान किया जाता है तो कानून अपना काम करेगा।
CM विजय का बड़ा फैसला! किसानों और शिक्षकों पर दर्ज केस होंगे वापस, विधानसभा में किया ऐलान
उदयनिधि स्टालिन के बयान से शुरू हुआ विवाद
यह पूरा विवाद अगस्त में कावेरी जल विवाद को लेकर हुए एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। एक वायरल वीडियो को लेकर उदयनिधि स्टालिन पर अभिनेत्री तृषा कृष्णन के संदर्भ में आपत्तिजनक या दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी करने का आरोप लगा। इस बयान के बाद विजय की पार्टी TVK के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। उदयनिधि को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। हालांकि उदयनिधि ने आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप से इनकार किया और सरकार पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया।
तृषा के समर्थन में TVK का विरोध
विवाद बढ़ने के बाद TVK की ओर से प्रदर्शन भी किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि राजनीतिक लड़ाई में किसी महिला को निशाना बनाना सही नहीं है। वहीं, पूरे मामले ने तमिलनाडु की राजनीति में सत्तारूढ़ TVK और विपक्षी DMK के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर राजनीतिक आरोप लगाते रहे हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर एक और गिरफ्तारी
इसी विवाद के बीच अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री विजय से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई की है। चेन्नई साइबर क्राइम पुलिस ने 35 वर्षीय कारोबारी प्रवीन गणेशन को कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जून में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया गया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया और कार्रवाई की।
'तमिलनाडु CM विजय ने राहुल गांधी को PM कैंडिडेट चुना', कांग्रेस नेता के दावे से सियासी हलचल तेज
एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रवीन गणेशन विदेश से भारत लौट रहे थे। दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें चेन्नई पुलिस की साइबर क्राइम टीम के हवाले किया गया। गणेशन ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि जून में किए गए उनके पोस्ट को लेकर उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि वह पोस्ट बाद में डिलीट कर दिया गया था।
तृषा और विजय की दोस्ती भी चर्चा में
अभिनेत्री तृषा कृष्णन कई मौकों पर मुख्यमंत्री विजय के कार्यक्रमों में नजर आ चुकी हैं। वह विजय के शपथ ग्रहण समारोह में भी दिखाई दी थीं। हाल ही में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में भी तृषा को पहली पंक्ति में देखा गया था। विजय और तृषा की दोस्ती को लेकर सोशल मीडिया पर पहले भी चर्चा होती रही है।



















