CM विजय का बड़ा फैसला! किसानों और शिक्षकों पर दर्ज केस होंगे वापस, विधानसभा में किया ऐलान

चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा में किसानों और शिक्षकों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। सरकार ने फैसला किया है कि मई 2021 से अप्रैल 2026 के बीच अपनी आजीविका, अधिकारों और जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले किसानों और शिक्षकों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह फैसला मानवीय आधार और लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान में लिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार हमेशा किसानों और शिक्षकों के साथ खड़ी रहेगी।
किसानों पर दर्ज थे कई मामले
तमिलनाडु के तिरुवन्नामलाई जिले में SIPCOT औद्योगिक पार्क के विरोध में प्रदर्शन करने वाले किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। कुछ किसानों पर तो कड़े गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। अब सरकार के नए फैसले से ऐसे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
परंदूर एयरपोर्ट का भी हुआ था विरोध
परंदूर में प्रस्तावित नए एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को लेकर भी किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया था। किसानों को डर था कि प्रोजेक्ट के कारण उनकी खेती की जमीन, जलस्रोत और रोजगार प्रभावित हो सकते हैं। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान भी कई किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। ये मामले लंबे समय से लंबित बताए जा रहे हैं।
लोकतांत्रिक अधिकारों के सम्मान की बात
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि अपनी जायज मांगों और अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने किसानों और शिक्षकों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का फैसला किया है। सरकार के इस फैसले से 2021 से 2026 के बीच शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले कई किसानों और शिक्षकों को बड़ी राहत मिल सकती है।




















