Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तमिलनाडु में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत

तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में पोलाची–पलानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रक से तेज रफ्तार कार की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य—कनकराज, उनकी पत्नी नर्मदा और दो बेटियां शामिल हैं। पांचवें मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। 
खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, एक ही परिवार के चार लोगों समेत पांच की मौत
कोयंबटूर। दुर्घटना में चकनाचूर हुई कार।

कोयंबटूर। तमिलनाडु के पोलाची के पास नल्लमपल्ली जंक्शन पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पोलाची–पलानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और टक्कर की तीव्रता हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पुलिस के अनुसार, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे। उनकी पहचान कोयंबटूर जिले के मदुक्कराई के पास गुरुबंपालयम निवासी कनकराज, उनकी पत्नी नर्मदा और उनकी दो बेटियों आरती व पूरनी के रूप में हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले पांचवें व्यक्ति की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और पांचवां मृतक चालक था या कार में सवार कोई अन्य व्यक्ति। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

ये भी पढ़ें: इंडोनेशिया: यात्री फेरी में लगी भीषण आग, 5 की मौत; 40 से ज्यादा लोग लापता

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रक सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था, कार की गति कितनी थी और कहीं चालक को झपकी आने या वाहन पर नियंत्रण खोने जैसी स्थिति तो नहीं बनी, इन सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। सड़क सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े भारी वाहनों के पीछे पर्याप्त चेतावनी संकेत और रिफ्लेक्टर होना ऐसे हादसों को रोकने के लिए बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें: इंदौर: खाना खाने जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात कार ने मारी टक्कर

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts