कांग्रेस का टैलेंट हंट :प्रवक्ता बनने के लिए डॉक्टर, वकील, पत्रकार दे रहे इंटरव्यू, 22 पदों पर 800 से ज्यादा आवेदन

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में अब प्रवक्ता जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए नेताओं की सिफारिश नहीं चलेगी। दरअसल, अब कांग्रेस प्रवक्ताओं का चयन टैलेंट हंट के माध्यम से किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता के 22 पदों के लिए 840 आवेदन आए हैं। इतनी बड़ी संख्या में आए आवेदन बताते हैं कि कांग्रेस प्रवक्ता पद के लिए कड़ा मुकाबला है।
प्रोफेशनल्स ने गिनाई खूबियां
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार प्रवक्ता पदों के लिए डॉक्टर, वकील, मीडिया से जुड़े युवा और आरटीआई एक्टिवस्ट भी इंटरव्यू में शामिल हो रहे हैं। इनके अलावा कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में शामिल युवा भी टैलेंट हंट का हिस्सा बन रहे हैं। अब तक प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, नर्मदापुरम, सागर संभाग के इंटरव्यू हो चुके हैं। इस तरह करीब 200 से ज्यादा आवेदक इंटरव्यू की प्रक्रिया से गुजर चुके हैं।
बदल रही कांग्रेस की चयन प्रक्रिया
कांग्रेस में अब संगठनात्मक पदों पर नियुक्ति का तरीका तेजी से बदल रहा है। पार्टी कई राज्यों में मीडिया पैनलिस्ट, रिसर्च टीम, सोशल मीडिया सेल और नीति से जुड़े पदों के लिए टैलेंट हंट मॉडल अपना रही है। इस प्रक्रिया में उम्मीदवारों का मूल्यांकन केवल राजनीतिक सक्रियता से नहीं, बल्कि विषय ज्ञान, सार्वजनिक संवाद क्षमता, डिजिटल समझ और समसामयिक मुद्दों की पकड़ के आधार पर किया जाता है। कई प्रदेशों में मीडिया विभाग, रिसर्च डेस्क और कम्युनिकेशन टीम के लिए लिखित टेस्ट, प्रेजेंटेशन और इंटरव्यू के माध्यम से चयन किया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस प्रक्रिया से पार्टी की नीति और संवाद क्षमता मजबूत होगी और सार्वजनिक मुद्दों पर बेहतर तैयारी के साथ प्रतिक्रिया दी जा सकेगी।
युवा कांग्रेस में पदाधिकारी चयन की प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि युवा कांग्रेस में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक कई पदों के लिए ऑनलाइन सदस्यता, सत्यापन और चुनाव की प्रणाली लागू की जाती है। सदस्य पहले डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण करते हैं, जिसके बाद पहचान सत्यापन और संगठनात्मक गतिविधियों में भागीदारी को देखा जाता है। इसके बाद निर्धारित पदों के लिए चुनाव कराए जाते हैं, जिसमें सदस्य वोट देकर अपने प्रतिनिधि चुनते हैं। कई जगहों पर डिबेट, इंटरव्यू और संगठनात्मक कार्यों का मूल्यांकन भी प्रक्रिया का हिस्सा होता है।


















