संदिग्ध कॉल और मैसेज से परेशान?ये पोर्टल बचाएगा आपको, घर बैठे ऐसे करें शिकायत

आज के डिजिटल दौर में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और संदिग्ध मैसेज के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कई लोग बार-बार आने वाले इन कॉल्स और मैसेज से परेशान रहते हैं। नंबर ब्लॉक करने के बाद भी ठग अलग-अलग नंबरों से संपर्क करते रहते हैं।
अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार ने एक ऐसा पोर्टल शुरू किया है, जहां आप आसानी से इन नंबरों की शिकायत कर सकते हैं और तुरंत कार्रवाई हो सकती है।
किस पोर्टल पर करें शिकायत
राजस्थान पुलिस ने हाल ही में अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जानकारी देते हुए बताया कि अब संदिग्ध कॉल और मैसेज की शिकायत ‘चक्षु पोर्टल (Chakshu Portal)’ पर की जा सकती है। इस पोर्टल की खास बात यह है कि शिकायत करने पर केवल नंबर ही ब्लॉक नहीं होता, बल्कि आरोपी के मोबाइल का IMEI नंबर भी ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता है। इससे वह दोबारा ठगी करने में असमर्थ हो जाता है।
किन मामलों में करें रिपोर्ट
अगर आपके पास इस तरह के कॉल या मैसेज आते हैं, तो तुरंत शिकायत करनी चाहिए। जैसे-
- डिजिटल अरेस्ट की धमकी देना
- फर्जी KYC अपडेट कराने के नाम पर कॉल
- कूरियर या पार्सल के नाम पर ठगी की कोशिश
- विदेशी नंबरों (जैसे +92, +84 आदि) से बार-बार कॉल आना
इन सभी मामलों में आप चक्षु पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें: आपके मैसेज कौन पढ़ रहा? WhatsApp पर क्यों भड़के Elon Musk और Pavel Durov; बोले- भरोसा नहीं
कैसे करें रिपोर्ट?
शिकायत करने के लिए आपको 'संचार साथी' पोर्टल पर जाना होगा। वहां 'चक्षु' सेक्शन में जाकर संदिग्ध नंबर या मैसेज की जानकारी भरनी होगी। इसके बाद संबंधित एजेंसियां जांच कर कार्रवाई करती हैं।
अगर हो जाए आर्थिक नुकसान तो क्या करें
अगर किसी ठगी में आपका पैसा चला गया है, तो सिर्फ चक्षु पोर्टल पर शिकायत करना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए आपको तुरंत साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट करनी चाहिए।
आप ‘cybercrime.gov.in’ वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके भी मदद ले सकते हैं।
सावधानी ही सबसे बड़ी सुरक्षा
डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। किसी भी अनजान कॉल या मैसेज पर तुरंत भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।
अगर कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए, तो तुरंत रिपोर्ट करें। आपकी एक शिकायत न सिर्फ आपको बल्कि दूसरों को भी ठगी से बचा सकती है।











