Surya Grahan 2024 : साल का पहला सूर्य ग्रहण आज, अमेरिका में छा जाएगा अंधेरा; अद्भुत नजारा देखने की मची होड़; 12 गुना महंगे हुए होटल

Solar Eclipse 2024 : साल 2024 का पहला सूर्य ग्रहण आज (8 अप्रैल) को लगने वाला है। इसका असर मैक्सिको, उत्तरी अमेरिका और कनाडा में देखने को मिलेगा। यह पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा, जिसको खग्रास सूर्य ग्रहण भी कहा जाता है। ‘पाथ ऑफ टोटैलिटी’ (ग्रहण मार्ग) में पड़ने वाले अमेरिका के कम से कम 12 राज्यों में इस दौरान करीब 4 मिनट तक दिन में अंधेरा छा जाएगा। इस अद्भुत घटना को देखने के लिए आसपास के इलाकों से करीब 50 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए होटलों की मांग भी 12 गुना तक बढ़ गई है।
यह सूर्य ग्रहण काफी खास माना जा रहा है, क्योंकि यह करीब 5 घंटे से अधिक अवधि का होगा। लेकिन, भारत में दृश्यमान नहीं होगा। साथ ही 54 साल बाद ये सूर्य ग्रहण एक साथ कई दुर्लभ संयोग लेकर आने वाला है।
अमेरिका में कहां दिखेगा असर
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका के टेक्सास, ओक्लाहोमा, मिसूरी, इलिनॉय, इंडियाना, मिशिगन, अर्कांसस, टेनेसी, केंटकी, ओहायो, पेन्सिलवेनिया, न्यूयॉर्क, वर्मोंट, न्यू हैम्पशायर, मैन वो शहर हैं जहां पूर्ण सूर्य ग्रहण दिखेगा। इन शहरों में करीब साढ़े 4 मिनट तक दिन में रात हो जाएगी। 2017 में लगे ग्रहण से इस बार ‘पाथ ऑफ टोटैलिटी’ 60% अधिक चौड़ा और इतना ही अधिक लंबा है। अमेरिका में अगला सूर्य ग्रहण 2045 में लगेगा। सूर्य ग्रहण को देखने के लिए ISO प्रमाणित चश्मों की बिक्री भी बढ़ गई है। ये आंखों को सुरक्षित रखते हैं।सूर्य ग्रहण का समय
साल के पहले सूर्य ग्रहण की अवधि बहुत लंबी रहने वाली है। भारतीय समयानुसार, ग्रहण 8 अप्रैल को रात 9 बजकर 12 मिनट से शुरू हो जाएगा और इसका समापन रात 2 बजकर 20 मिनट पर होगा। सूर्य ग्रहण की अवधि 05 घंटे 08 मिनट की रहेगी। हालांकि, यह सूर्य ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा। वहीं अमेरिका के टेक्सास में दोपहर 1 बजकर 27 मिनट पर पूर्ण सूर्य ग्रहण की छाया शुरू होगी और 3 बजकर 35 मिनट पर समाप्त होगी। इसमें लगभग 4 मिनट का समय ऐसा रहेगा, जब पूरी धरती अंधकार में डूब जाएगी।सूर्य ग्रहण कहां-कहां दिखाई देगा
यह सूर्य ग्रहण भारत में नजर नहीं आएगा। कनाडा, उत्तरी अमेरिका, मैक्सिको में दिखाई देगा। इसके अलावा कोस्टा रिका, क्यूबा, डोमिनिका, फ्रेंच पोलिनेशिया, जमैका, आयरलैंड, इंग्लैंड के उत्तर पश्चिम क्षेत्र, पश्चिमी यूरोप, पेसिफिक, अटलांटिक, आर्कटिक में ये ग्रहण दिखेगा।बनेगी रिंग ऑफ फायर
दरअसल, 8 अप्रैल को अमेरिका-कनाडा-मैक्सिको में सूर्य ग्रहण का काफी प्रभाव रहेगा। अमेरिका के कई हिस्सों में सूर्य ग्रहण के चलते बिल्कुल अंधेरा छा जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक ये प्रक्रिया मैक्सिको (Mexico) से शुरू होगी और संयुक्त राज्य अमेरिका के कुछ राज्यों से होते हुए इसे पूरा अंधेरे में डुबो देगा। वहीं खगोल वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस दिन रिंग ऑफ फॉयर (Ring Of Fire) बनने की पूरी संभावना है। जबकि, सूर्य ग्रहण के दिन अमेरिका-कनाडा-मैक्सिको में घना अंधेरा छाया रहेगा।




















