सुल्तानगंज में ड्रग्स इंस्पेक्टर की बड़ी कार्रवाई:मेडिकल स्टोरों पर औचक छापे, अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी

रायसेन जिले के सुल्तानगंज में ड्रग्स इंस्पेक्टर की अचानक हुई कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। ड्रग्स इंस्पेक्टर प्रीत स्वरूप ने बिना पूर्व सूचना के क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर दवा बिक्री से जुड़े दस्तावेजों, स्टॉक और आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की।
दस्तावेजों और दवा स्टॉक की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस, दवाओं के रखरखाव, स्टॉक रजिस्टर और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की विस्तार से पड़ताल की गई। जांच में यह देखा गया कि दवा विक्रेता निर्धारित नियमों का पालन कर रहे हैं या नहीं।
ये भी पढ़ें: गुना: चित्रगुप्त कायस्थ मंदिर न्यास के चुनाव पर विवाद, असंवैधानिक मनोनयन निरस्त करने की मांग; SDM को सौंपा ज्ञापन
अनियमितता मिलने पर जारी किए गए कारण बताओ नोटिस
जांच के दौरान जिन मेडिकल स्टोरों में नियमों का उल्लंघन और अन्य अनियमितताएं पाई गईं, उनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित दुकानदारों को तीन दिन के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जवाब के बाद होगी आगे की कार्रवाई
ड्रग्स इंस्पेक्टर प्रीत स्वरूप ने स्पष्ट किया कि प्राप्त जवाबों का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: बैतूल: 15 साल से न्याय के लिए भटक रहा दिव्यांग, पीड़ित बोला-8 दिन में कब्जा नहीं हटा तो कलेक्टर से मांगूंगा जहर
कार्रवाई से बाजार में मचा हड़कंप
बिना पूर्व सूचना हुई इस कार्रवाई से सुल्तानगंज के मेडिकल स्टोर संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। निरीक्षण की खबर पूरे बाजार में तेजी से फैल गई और दिनभर व्यापारी वर्ग में इसी कार्रवाई की चर्चा होती रही। प्रशासन की इस कार्रवाई को दवा बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Edited By: Sumit Shrivastava












