Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरसूद में रेलवे की दीवार निर्माण पर लगी रोक,73 मीटर जमीन विवाद के बाद भूख हड़ताल खत्म

हरसूद में रेलवे और निजी भू-स्वामियों के बीच जमीन विवाद के बाद प्रशासन ने दीवार निर्माण पर अस्थायी रोक लगा दी है। सीमांकन में 73 मीटर भूमि का अंतर सामने आने के बाद भूख हड़ताल समाप्त कराई गई। अब रेलवे और एनएचडीसी के रिकॉर्ड का मिलान कर मामले का समाधान किया जाएगा।  

खंडवा जिले के हरसूद नगर में रेलवे की ओर से कराए जा रहे बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद फिलहाल शांत हो गया है। वार्ड क्रमांक-9 में निजी भू-स्वामियों ने आरोप लगाया था कि रेलवे उनकी जमीन पर कब्जा कर दीवार बना रहा है। इस विरोध में कई लोग भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। प्रशासन की मध्यस्थता और रेलवे द्वारा निर्माण कार्य पर अस्थायी रोक लगाने के फैसले के बाद आंदोलन समाप्त हो गया। एसडीएम आरसी खतेडिया ने भूख हड़ताल पर बैठे लोगों को जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।

सीमांकन में सामने आया 73 मीटर जमीन का अंतर

विवाद के समाधान के लिए राजस्व विभाग और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मौके का सीमांकन कराया। जांच में रेलवे के रिकॉर्ड और एनएचडीसी के नक्शे के बीच 73 मीटर जमीन का अंतर सामने आया। रेलवे के रिकॉर्ड के अनुसार दिल्ली-मुंबई रेल लाइन पर दगडखेड़ी से तलवड़िया तक नए ट्रैक के लिए डीपीआर में कुल 1714 मीटर भूमि दर्ज है, जबकि राजस्व विभाग के पास उपलब्ध एनएचडीसी के नक्शे में मौके पर यह दूरी 1640 मीटर पाई गई। इसी अंतर के कारण विवाद खड़ा हुआ।

रोवर मशीन से दोबारा हुई नाप, 17 मीटर का अंतर भी मिला

मौके पर पंचनामा तैयार करते हुए रोवर मशीन से दोबारा माप लिया गया। इसमें मौके पर दूरी 1657 मीटर दर्ज हुई, जो एनएचडीसी के नक्शे से 17 मीटर अधिक निकली। इसके बाद रेलवे ने निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल पर नई मार्किंग करते हुए 17 मीटर पीछे तक दीवार निर्माण का काम अस्थायी रूप से रोक दिया।

Breaking News

कलेक्टर के निर्देश पर लिया गया फैसला

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम आरसी खतेडिया, नायब तहसीलदार सुरेश बामनिया, पटवारी और रेलवे के पीडब्ल्यूआई गौरव राठौर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के बीच चर्चा के बाद जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देश पर निर्णय लिया गया कि जब तक एनएचडीसी और रेलवे के रिकॉर्ड का मिलान कर विवाद का समाधान नहीं हो जाता, तब तक विवादित हिस्से में दीवार निर्माण नहीं किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस आज: सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- मध्य प्रदेश में जल्द 1000 के करीब होंगे बाघ

रेलवे और प्रशासन ने क्या कहा?

पश्चिम मध्य रेलवे के पीडब्ल्यूआई गौरव राठौर ने बताया कि राजस्व विभाग के सीमांकन में 73 मीटर भूमि का अंतर सामने आया है। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी जाएगी और एनएचडीसी से रिकॉर्ड का मिलान कर आगे निर्णय लिया जाएगा। तब तक निर्माण कार्य स्थगित रहेगा। वहीं एसडीएम आरसी खतेडिया ने कहा कि राजस्व विभाग ने सीमांकन कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब रेलवे और एनएचडीसी आपसी समन्वय से मामले का समाधान करेंगे। फिलहाल जिला कलेक्टर के निर्देश पर निर्माण कार्य पर अस्थायी रोक लगा दी गई है और भूख हड़ताल समाप्त हो चुकी है।

Edited By- Sona Rajput

Satyendra Thakur
By Satyendra Thakur

Latest Posts