Classroom To Newsroom :सांदीपनि स्कूल के छात्र पहुंचे पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, करीब से जानी खबरों की दुनिया

भोपाल। शासकीय सांदीपनि स्कूल, निशातपुरा के छात्र खबरों की दुनिया को करीब से समझने के लिए शुक्रवार को भोपाल के पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज (PIMS) पहुंचे। यहां बच्चों ने लाइव न्यूजरूम को जाना और समझा कि खबरें कैसे चुनीं जाती हैं, अखबार कैसे तैयार होता है और अगले दिन का पेपर कैसे प्लान किया जाता है। उन्होंने प्रिंट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खबरें दिखाने का तरीका भी जाना। उनके लिए यह न केवल सीखने का अवसर रहा, बल्कि भविष्य में खबरों के प्रति उनकी रुचि और बढ़ाने वाला भी साबित हुआ।

अखबार छपने की प्रक्रिया देखी
इसके साथ ही छात्रों ने पीपुल्स मॉल और प्रिंटिंग प्रेस का भ्रमण कर अखबार छपने की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा। छात्र यह जानकार हैरान थे कि जैसा अखबार छपकर घर में आता है, वैसा ही छपकर मशीन से फोल्ड होकर ही निकलता है। इस दौरान PIMS की प्रिंसिपल डॉ. तसनीम खान, स्टाफ और PeoplesUpdate के डिजिटल हेड जितेंद्र शर्मा उपस्थित थे, जिनके मार्गदर्शन में यह अनुभव छात्रों के लिए सीखने वाला, मजेदार और यादगार रहा।

छात्रों ने साझा किए अनुभव
अपनी विजट के दौरान विद्यार्थियों ने जिज्ञासाओं का समाधान किया। इसके साथ ही अखबार को छपने की पूरी प्रक्रिया जानने के बाद उन्होंने अपने अनुभवों को साझा किया। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि वे अखबार में किस तरह की खबरों को पढ़ना पसंद करते हैं।

अपने स्कूल की जानकारी दी
इस अवसर पर छात्रों ने अपने स्कूल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासकीय सांदीपनि स्कूल मध्य प्रदेश सरकार की सीएम राइज स्कूल परियोजना के तहत स्थापित सर्वसुविधायुक्त सरकारी स्कूल हैं, जिनका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। इनमें आधुनिक लैब, खेल सुविधाएं हैं। छात्रों को बस की सुविधा भी दी गई है। उन्होंने बताया कि स्कूल में बेहतर तरीके से शिक्षा दी जा रही है। कुछ बच्चों ने यह भी बताया कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं।




















