राहुल चाहर की शादी टूटी...भारतीय क्रिकेटर ने Instagram पर लिखा अपने दिल का पूरा हाल

भारतीय क्रिकेटर राहुल चाहर की शादी टूट गई है। यह सूचना उन्होंने खुद साझा की। उन्होंने तलाक का ऐलान करते हुए बताया कि बहुत कम उम्र में उनकी शादी हो गई थी और इससे उन्होंने कई सबक सीखे।
भारतीय क्रिकेटर ने Instagram पर लिखा अपने दिल का पूरा हाल
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के मैदान पर अपनी लेग स्पिन से बल्लेबाजों को चौंकाने वाले राहुल चाहर इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। जहां आमतौर पर खिलाड़ी अपने प्रदर्शन या टीम चयन को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, वहीं इस बार मामला पूरी तरह निजी है। खबर सामने आई है कि राहुल की शादी अब आधिकारिक तौर पर खत्म हो चुकी है। करीब चार साल पहले शुरू हुआ यह रिश्ता अब कानूनी प्रक्रिया के बाद समाप्त हो गया है।

    सोशल मीडिया पर भावुक संदेश

    Uploaded media

    राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा और भावनात्मक संदेश साझा करते हुए इस फैसले के पीछे की कहानी बताई। उन्होंने लिखा कि शादी उस समय हुई जब वे काफी युवा थे और जीवन, रिश्तों तथा अपनी प्राथमिकताओं को लेकर स्पष्टता नहीं थी। बीते वर्षों ने उन्हें ऐसे अनुभव दिए, जिनकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने स्वीकार किया कि यह सफर आसान नहीं रहा।

    15 महीने की कानूनी जंग का अंत

    राहुल ने बताया कि पिछले करीब 15 महीनों से वे कानूनी प्रक्रिया से गुजर रहे थे। कोर्ट-कचहरी के चक्कर, मानसिक दबाव और धैर्य की परीक्षा-इन सबके बाद आखिरकार 20 फरवरी को यह अध्याय आधिकारिक रूप से बंद हो गया। उन्होंने इसे एक कठिन लेकिन जरूरी फैसला बताते हुए कहा कि इस प्रक्रिया ने उन्हें सच्चाई और आत्मबल का महत्व सिखाया।

    रिश्ते से सीख, कड़वाहट नहीं

    अपने संदेश में राहुल ने साफ किया कि उनके मन में कोई गुस्सा या पछतावा नहीं है। उन्होंने लिखा कि हर रिश्ता हमेशा साथ निभाने के लिए नहीं होता-कुछ रिश्ते हमें सिखाने, बदलने और जीवन का नया दृष्टिकोण देने के लिए आते हैं। उनका मानना है यह अनुभव उन्हें पहले से ज्यादा परिपक्व और जागरूक बना गया है।

    अंत नहीं, नई शुरुआत

    राहुल ने इस फैसले को अंत नहीं बल्कि नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि अब आगे का जीवन आत्मसम्मान, शांति और सही निर्णयों पर आधारित होगा। यह उनके लिए खुद को फिर से समझने और नए नजरिये के साथ आगे बढ़ने का अवसर है।

    टी20 क्रिकेट में लिए 142 विकेट

    1999 में राजस्थान के भरतपुर में जन्मे राहुल ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक वनडे और छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इसके अलावा वे आईपीएल में मुंबई इंडियंस, पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राइजिंग पुणे सुपरजायंट जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने टी20 क्रिकेट में 140 मैचों में 142 विकेट झटके हैं।

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts