दमोह में दर्दनाक हादसा: बेकाबू बस ने तीन छात्राओं को कुचला, दो की मौत; एक गंभीर घायल

दमोह। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर अभाना की टेक पर हुई, जहां ढलान के दौरान बस अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर मुआवजे और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम खोला गया, जबकि पुलिस ने बस जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
ढलान पर अनियंत्रित हुई बस, तीन छात्राएं चपेट में आईं
दमोह से जबलपुर जा रही बस क्रमांक MP 20 PA 0550 सुबह करीब 10 बजे यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी। अभाना की टेक पर ढलान के दौरान बस अनियंत्रित हो गई और साइकिल से स्कूल जा रही छात्राओं को कुचल दिया। तीनों छात्राएं कक्षा सातवीं और आठवीं में पढ़ती थीं।
ये भी पढ़ें: हरदा: भूतड़ी अमावस्या पर हंडिया-नेमावर के घाटों पर उमड़े श्रद्धालु, रातभर गूंजे पारंपरिक भजन
दो छात्राओं की मौके पर मौत, तीसरी अस्पताल में भर्ती
हादसे में दो छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि मृतक छात्राओं और घायल छात्रा के परिजनों को मुआवजा दिया जाए तथा बस चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ।
कलेक्टर ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव जिला अस्पताल पहुंचे और घायल व मृतक छात्राओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा करने और चक्काजाम खुलवाने के निर्देश दिए। पुलिस ने बस जब्त कर ली है और यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया है। पंचनामा कार्रवाई के बाद आगे की प्रक्रिया की जा रही है।




















