Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल के न्यू मार्केट में आग के बाद नगर निगम की कार्रवाई, 4 ट्रक सामान जब्त

भोपाल के न्यू मार्केट में 8 अक्टूबर को भीषण आग लगने के बाद नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को टीमों ने दुकानों के बाहर से सामान हटाया और फायर सेफ्टी इंतजामों की जांच की।
भोपाल के न्यू मार्केट में आग के बाद नगर निगम की कार्रवाई, 4 ट्रक सामान जब्त
भोपाल के न्यू मार्केट में आग के बाद नगर निगम की कार्रवाई

भोपाल। कार्रवाई के दौरान चार ट्रक सामान जब्त किया गया और मंदिर के सामने रेहड़ी लगाने पर रोक लगाई गई। दो छोले-भटूरे और एक नमकीन दुकान में फायर सिस्टम चलवाकर देखा गया, जबकि नियमों के उल्लंघन पर दो दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं, पुराने शहर के बाजारों में लगे अंडरग्राउंड फायर हाइड्रेंट सिस्टम की कार्यप्रणाली और नियमित जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं।

न्यू मार्केट में सुबह से शुरू हुई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

शुक्रवार को समझाइश देने और दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाने के बाद नगर निगम की टीमें शनिवार सुबह फिर मौके पर पहुंचीं। दुकानों के बाहर जमा सामान हटाया गया और मंदिर के सामने रेहड़ियां नहीं लगने दी गईं। कार्रवाई रात तक जारी रही, जिसमें कुल चार ट्रक सामान जब्त किया गया।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा: भाजपा युवा मोर्चा की सेवा-संकल्प यात्रा वाराणसी से वडनगर पहुंची, युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प

आग की चपेट में आई थीं पांच दुकानें

8 अक्टूबर को बालाजी छोले-भटूरे की दुकान में भीषण आग लग गई थी। आग ने आसपास की पांच बड़ी दुकानों और 12 से ज्यादा रेहड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है। घटनास्थल से करीब 100 फीट की दूरी पर दो और छोले-भटूरे की दुकानें हैं, जबकि आसपास दो से तीन नमकीन की दुकानें भी हैं, जहां सुबह से रात तक भट्टियां जलती रहती हैं।

दुकानों में फायर सिस्टम चलवाकर देखा, दो दुकानदारों पर जुर्माना

कार्रवाई के दौरान उपायुक्त हीरेंद्र कुशवाह, अतिक्रमण अधिकारी नासिर खान, शैलेंद्र सिंह भदौरिया और टीटी नगर थाने का पुलिस बल छोले-भटूरे की दुकानों पर पहुंचा। यहां दो छोले-भटूरे और एक नमकीन दुकान में आग बुझाने के संसाधन चालू करवाकर जांचे गए। भट्टी जलाने और गंदगी फैलाने पर हीरा नमकीन के संचालक पर 10 हजार रुपए का स्पॉट फाइन लगाया गया, जबकि चाउमिन फास्ट फूड पर दो हजार रुपए का जुर्माना किया गया।

Breaking News

फायर हाइड्रेंट सिस्टम आग के दौरान नहीं आया काम

चौक बाजार और इब्राहिमपुरा की 10 से 12 फीट चौड़ी गलियों में आग बुझाने के लिए नगर निगम ने 22 लाख रुपए की लागत से अंडरग्राउंड फायर हाइड्रेंट सिस्टम लगाया था। जुलाई 2026 में नेमा डिजाइनर स्टूडियो में आग लगने के दौरान यह सिस्टम काम नहीं आया था। इसके बाद सिस्टम की प्रेशर टेस्टिंग और मेंटेनेंस नहीं होने की बातें सामने आईं, जिससे इसकी नियमित देखरेख पर सवाल खड़े हुए हैं।

शहर के आठ प्रमुख बाजारों में सुरक्षा इंतजामों की नियमित जांच पर सवाल

जुमेराती, इब्राहिमपुरा, नदीम रोड और घोड़ा नक्कास समेत शहर के आठ प्रमुख बाजारों में भी आग से बचाव के इंतजामों को लेकर ऐसी ही स्थिति बताई जा रही है। आरोप है कि आग लगने या किसी हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाता है, लेकिन नियमित जांच नहीं होती। न्यू मार्केट की घटना के बाद अतिक्रमण हटाने के साथ दुकानों में फायर सेफ्टी इंतजामों की जांच भी जरूरी हो गई है।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts