दिल्ली-मुंबई से कोलकाता तक महंगा हुआ गैस सिलेंडर, जानें आपके शहर में कितने बढ़े रेट

दिवाली से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश के चार बड़े महानगरों दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार तीसरे महीने बढ़ोतरी हुई है। इस बार अलग-अलग शहरों में 10 रुपये से लेकर 17 रुपये तक दाम बढ़ाए गए हैं। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी कोलकाता में हुई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा होने से दिवाली के दौरान मिठाइयों और होटल-रेस्तरां के खाने की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
चारों महानगरों में कितने बढ़े कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम?
आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर में चारों महानगरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतें बढ़ाई गई हैं। दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 10 रुपये बढ़कर 2,820 रुपये हो गए हैं। वहीं, कोलकाता में सबसे ज्यादा 17 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद यहां कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2,971 रुपये हो गई है। मुंबई में 10.50 रुपये की बढ़ोतरी के बाद कीमत 2,775 रुपये पहुंच गई है। जबकि चेन्नई में 11.50 रुपये महंगा होने के बाद कमर्शियल सिलेंडर का दाम 2,994.50 रुपये हो गया है।
अगस्त से अब तक कितने बढ़े गैस सिलेंडर के दाम?
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में अगस्त के बाद से लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 82 रुपये महंगा हुआ है। इसी तरह कोलकाता में इसकी कीमत में 98.50 रुपये का इजाफा हुआ है। मुंबई में अगस्त के बाद से कमर्शियल गैस सिलेंडर 83.50 रुपये और चेन्नई में 88.50 रुपये महंगा हो चुका है। लगातार तीसरे महीने कीमतें बढ़ने से कारोबारियों की लागत बढ़ सकती है। खासकर मिठाई की दुकानों, होटलों और रेस्तरां में कमर्शियल गैस का इस्तेमाल होता है। ऐसे में दिवाली के आसपास खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर इसका असर पड़ने की आशंका है।
ये भी पढ़ें: बैंक हॉलिडे नवंबर 2026: 16 दिन बैंक की छुट्टी, दिवाली सहित जानें अवकाश की पूरी लिस्ट
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं
कमर्शियल गैस सिलेंडर के महंगे होने के बीच घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। देश के चारों महानगरों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 942 रुपये बनी हुई है। कोलकाता में इसके दाम 968 रुपये हैं। वहीं, मुंबई में घरेलू LPG सिलेंडर 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में मिल रहा है।
जून में आखिरी बार बदले थे घरेलू LPG के दाम
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में आखिरी बार जून में बदलाव किया गया था। इसके बाद से चारों महानगरों में घरेलू LPG के दाम स्थिर बने हुए हैं। फिलहाल कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को कीमतों में बदलाव का इंतजार है।




















