सोहागपुर में अवैध शराब बिक्री का विरोध: आदिवासी महिलाओं ने खोला मोर्चा, SDM को सौंपा ज्ञापन
सोहागपुर। चार गांवों की आदिवासी महिलाओं ने कच्ची शराब के खिलाफ एसडीएम डॉ. बबीता राठौर को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने शराब के कारण गांवों में अशांति, मारपीट और बच्चों के नशे की चपेट में आने की बात कही। उन्होंने कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग की। महिलाओं ने शराब की गतिविधियों से जुड़ी वीडियो रिकॉर्डिंग भी एसडीएम को बताई।
चार गांवों की महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन
आदिवासी महिलाओं ने एसडीएम को अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि सोहागपुर विकासखंड के कई गांवों में कच्ची शराब सरेआम बनाई और बेची जाती है। महिलाओं का कहना है कि आदिवासियों को शराब से छूट का फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं। इससे गांवों की अमन-शांति और चैन के साथ बच्चों का भविष्य भी खतरे में पड़ गया है।
रीवा से भोपाल सीधी फ्लाइट शुरू: अब डेढ़ घंटे में सफर होगा पूरा, विंध्य में हवाई सेवाओं का विस्तार
शराबियों से परेशान हैं महिलाएं
महिलाओं ने बताया कि शराबी आए दिन सड़क पर अश्लील गाली-गलौज करते हैं और घरों में मारपीट की घटनाएं भी होती रहती हैं। इससे पूरा सामाजिक ताना-बाना चरमरा गया है। महिलाओं के अनुसार पढ़ने वाले 10-12 साल के बच्चे भी नशे की चपेट में आ चुके हैं। महिलाओं ने गांवों में कच्ची शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने की मांग की है।
राशन बेचकर पी जाते हैं शराब
ज्ञापन में महिलाओं ने लिखा कि वे सभी मेहनत-मजदूरी का कार्य करती हैं और जब वे मजदूरी पर जाती हैं, तो परिवार के बच्चे और पति घर में रखा राशन जैसे गेहूं, चावल और आटा बेचकर शराब लेकर पी जाते हैं। इसका विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की जाती है। महिलाओं का कहना है कि गांव में कच्ची शराब की बिक्री के कारण ही इस तरह के विवाद लगातार सामने आ रहे हैं।
विश्व आदिवासी दिवस पर धूमा में निकली भव्य रैली, पारंपरिक वेशभूषा में दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक
वीडियो रिकॉर्डिंग भी एसडीएम को दिखाई
महिलाओं ने मांग की कि गांव में शत प्रतिशत शराबबंदी की जाए और अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर सख्ती से प्रतिबंध लगाया जाए। इस दौरान राजकुमार रघुवंशी के अलावा नन्हीबाई, मंगाबाई, मीना बाई, मालतीबाई, सुखखती बाई, धनावती बाई, शांतिबाई सहित कई मातृशक्ति उपस्थित थीं। महिलाओं ने ग्राम में शराब की गतिविधियों से संबंधित वीडियो रिकॉर्डिंग भी एसडीएम को दिखाई।














