सोहागपुर में खंडहरनुमा सरकारी आवास में मिला 2-3 दिन पुराना शव, आधार-पैन कार्ड से हुई मृतक की पहचान

सोहागपुर। रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित गुंजन भवन नामक खंडहरनुमा सरकारी आवास में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान चंद्र बहादुर थापा के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव के पास से पुलिस को आधार कार्ड और पैन कार्ड मिले, जिसके आधार पर मृतक की पहचान की गई।
शव के पास मिले आधार और पैन कार्ड
पुलिस के मुताबिक आधार कार्ड में चंद्र बहादुर थापा का पता वाटिका रेस्टोरेंट के पास, सरदार वार्ड, सोहागपुर दर्ज है। पहचान सामने आने के बाद पुलिस अब उनके परिजनों और परिचितों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
वाटिका रेस्टोरेंट में कर चुके थे काम
जानकारी के अनुसार चंद्र बहादुर थापा कुछ समय से शोभापुर क्षेत्र में काम कर रहे थे। इससे पहले वह सोहागपुर के वाटिका रेस्टोरेंट में भी काम कर चुके थे। रेस्टोरेंट संचालक प्रशांत जायसवाल ने बताया कि थापा करीब पांच-छह वर्ष पहले उनके यहां काम करते थे। प्रशांत जायसवाल के अनुसार चंद्र बहादुर थापा साउथ इंडियन व्यंजन बनाने में माहिर थे और अपने काम में अच्छे थे। हालांकि शराब की लत के चलते उन्हें रेस्टोरेंट की नौकरी छोड़नी पड़ी थी।
पुलिस ने लोगों से की पहचान बताने की अपील
मामले की जांच के साथ पुलिस अब मृतक के परिवार और परिचितों की तलाश में जुटी है। सोहागपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति चंद्र बहादुर थापा को पहचानता है या उनके परिवार और परिचितों के बारे में जानकारी रखता है, तो पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने जानकारी देने के लिए 7701052276 मोबाइल नंबर भी जारी किया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।


















