सोहागपुर में पुरानी गाड़ी बेचने के नाम पर 2.90 लाख की ठगी, आरोपी इंदौर से गिरफ्तार

सोहागपुर। ग्राम सेमरी हरचंद के जमुनिया निवासी भवानी प्रसाद साहू ने पुरानी तूफान गाड़ी खरीदने के लिए एजेंटों के माध्यम से तेजकरण गुर्जर से संपर्क किया था। दोनों के बीच गाड़ी का सौदा 2 लाख 90 हजार रुपए में तय हुआ। फरियादी ने आरोपी को पूरी रकम दे दी, लेकिन इसके बाद भी उसे गाड़ी नहीं मिली।
डेढ़ माह तक बनाता रहा बहाने
फरियादी के अनुसार, रकम लेने के बाद आरोपी करीब डेढ़ माह तक गाड़ी दिलाने के नाम पर बहाने बनाता रहा। जब फरियादी ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया। काफी परेशान होने के बाद भवानी प्रसाद साहू ने सोहागपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: रीवा जेल से रिहा होते ही भागे यूट्यूबर ‘पोक्कभान’, बोले-जेल का ताला टूट गया, मनीष पटेल छूट गया, Video Viral
एफआईआर के बाद पुलिस ने शुरू की तलाश
सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि 24 अगस्त 2026 को फरियादी भवानी प्रसाद साहू का एजेंटों के माध्यम से तेजकरण गुर्जर से संपर्क हुआ था। पुरानी तूफान गाड़ी का सौदा 2 लाख 90 हजार रुपए में तय होने के बाद फरियादी ने पूरी राशि आरोपी को दे दी, लेकिन उसे गाड़ी उपलब्ध नहीं कराई गई।
आरोपी से पूछताछ में जुटी पुलिस
शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। सेमरी हरचंद चौकी प्रभारी विवेक यादव ने जांच आगे बढ़ाई। पुलिस के अनुसार, एफआईआर की जानकारी मिलने के बाद आरोपी हरदा से इंदौर चला गया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने इंदौर में दबिश देकर आरोपी तेजकरण गुर्जर को गिरफ्तार किया।




















