टुरिया जंगल सत्याग्रह के शहीदों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों का शाल-श्रीफल से सम्मान
सिवनी जिले के कुरई विकासखंड के ग्राम टुरिया में शुक्रवार को जंगल सत्याग्रह के अमर शहीदों की स्मृति में शहीद मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित कर वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राष्ट्रगीत का गायन कर स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया गया। जंगल सत्याग्रह में बलिदान देने वाली वीरांगनाओं रेनो बाई, मुड्डे बाई, देभो बाई और शहीद बिरझू भोई के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
आदिवासी समाज का जल, जंगल और जमीन से गहरा संबंध
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कमल मर्सकोले ने कहा कि आदिवासी समाज का जल, जंगल और जमीन से गहरा संबंध रहा है। प्रकृति से जुड़ाव उसकी संस्कृति और परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने राजा शंकरशाह, रघुनाथ शाह सहित जनजातीय शासकों के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करने वाले वीरों का बलिदान देश के इतिहास में हमेशा स्मरणीय रहेगा। विधायक मर्सकोले ने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना व्यक्ति का समुचित विकास संभव नहीं है। उनके अनुसार, शहीद मेला बलिदानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने और नई पीढ़ी को उनके ऐतिहासिक योगदान से परिचित कराने का माध्यम है।
नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाए शहीदों के बलिदान की गाथा
जिला भाजपा अध्यक्ष मीना बिसेन ने कहा कि शहीदों के संघर्ष और बलिदान की गाथा भावी पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के साथ देश और समाज के प्रति कर्तव्यों की याद दिलाते हैं। जनपद पंचायत कुरई अध्यक्ष लोचन सिंह मर्सकोले ने भी जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को याद किया। पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान का स्मरण किया।
मेले में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी
टुरिया में आयोजित शहीद मेले में बलिदानियों के परिजनों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। मेले में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी की गई, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में बताया जा सके। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश सनोडिया, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, जनपद पंचायत सिवनी की अध्यक्ष किरण भलावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।























