रायसेन: कैलकच्छ पंचायत को गरीबी-मुक्त बनाने की पहल, परिवारों की जरूरतों का होगा सर्वे
रायसेन। जिले की बाड़ी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत कैलकच्छ को गरीबी-मुक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए ग्रामीणों से संवाद किया गया। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद के निर्देश पर आयोजित बैठक में ग्रामीण परिवारों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को समझने के साथ रोजगार, आजीविका और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जरूरतों पर चर्चा हुई। यह कार्यक्रम भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के ग्रामीण रोजगार प्रभाग के निर्देशानुसार C-TARA फेलो के भ्रमण के दौरान आयोजित किया गया। बैठक में भारत सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नई दिल्ली के प्रोजेक्ट ऑफिसर संदीप चौधरी ने ग्रामीणों से बातचीत कर पंचायत के विकास की प्राथमिकताओं पर जानकारी ली।
महिलाओं की आजीविका और आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर
संदीप चौधरी ने ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं, आजीविका के साधनों, रोजगार के अवसरों और आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र को सभी जरूरी सुविधाओं से युक्त आदर्श केंद्र के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया, ताकि महिलाओं और बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ये भी पढ़ें: रीवा जेल से रिहा होते ही भागे यूट्यूबर ‘पोक्कभान’, बोले-जेल का ताला टूट गया, मनीष पटेल छूट गया, Video Viral
पंचायत के हर वार्ड में होगा सर्वेक्षण
ग्राम पंचायत के सभी वार्डों में सर्वेक्षण दल गठित कर परिवारों की वास्तविक जरूरतों का आकलन करने के निर्देश दिए गए। सर्वेक्षण के दौरान महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति, 50 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग दंपतियों की परिस्थितियों और परिवारों की आजीविका से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। इसके साथ ही सड़क, पेयजल, स्वच्छता, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता का भी आकलन किया जाएगा। सर्वे के जरिए यह पता लगाने का प्रयास होगा कि किन परिवारों को किन सुविधाओं और सरकारी योजनाओं की सबसे ज्यादा जरूरत है।
आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को भी जिम्मेदारी
आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को महिलाओं, बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं तथा जरूरतमंद परिवारों से संबंधित जानकारी जुटाने में सहयोग करने को कहा गया। उन्हें कुपोषण, पोषण आहार और शासकीय योजनाओं के लाभ की स्थिति का विवरण संकलित करने के निर्देश भी दिए गए। ग्राम पंचायत सचिव नरेश और रोजगार सहायक देवेंद्र को व्यवस्थित तरीके से सर्वेक्षण कर जानकारी एकत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज में पत्रकार और उनके भाई से मारपीट, अपहरण का आरोप; कार्रवाई की मांग को लेकर पत्रकारों ने सौंपा ज्ञापन
सर्वे के आधार पर तय होंगी विकास की प्राथमिकताएं
अधिकारियों के अनुसार, सर्वेक्षण से प्राप्त जानकारी के आधार पर ग्राम पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। इसके बाद ग्राम सभा से अनुमोदन लेकर उपलब्ध बजट और शासन की योजनाओं के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की जरूरतों के मुताबिक विकास कार्यों की योजना तैयार करना है। बैठक में जनपद पंचायत सीईओ दानिश अहमद खान, जिला पंचायत परियोजना अधिकारी अखिलेश द्विवेदी, सीनियर डाटा मैनेजर राजा विश्वकर्मा, लेखा अधिकारी अवधेश गौतम, सहायक यंत्री खुलेश इवने, एनआरएलएम प्रबंधक सचिन साहू, जन अभियान परिषद की ब्लॉक समन्वयक सविता कावरे और महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक शैलेंद्र व्यास सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






















