रीवा जेल से रिहा होते ही भागे यूट्यूबर ‘पोक्कभान’, बोले-जेल का ताला टूट गया, मनीष पटेल छूट गया, Video Viral

रीवा। आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में करीब चार महीने से जेल में बंद बघेली भाषा के चर्चित यूट्यूबर मनीष पटेल उर्फ ‘पोक्कभान’ को आखिरकार रिहाई मिल गई है। जेल से बाहर आते ही उन्होंने दौड़ लगाते हुए एक वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे कहते नजर आ रहे हैं-‘जेल का ताला टूट गया, मनीष पटेल छूट गया।’ इसके साथ ही उन्होंने समर्थकों से आपत्तिजनक पोस्ट हटाने की गुहार लगाते हुए कहा कि ‘ये लोग पोस्ट डालकर मुझे फिर जेल भिजवाएंगे।’
आपत्तिजनक टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद
रीवा जिले के खुटहा गांव निवासी और सोशल मीडिया पर करीब 40 लाख फॉलोअर्स रखने वाले मनीष पटेल पर 29 जनवरी 2026 को ब्राह्मण समाज की युवतियों पर कथित अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगा था। सामाजिक संगठनों के तीखे विरोध के बाद सिविल लाइन थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
ये भी पढ़ें: गुजरात में रीवा के दो कर्मचारियों को 8 दिन बंधक बनाने का आरोप, लाठी-डंडों और सरियों से पीटा
हाईकोर्ट से झटका, चार बार खारिज हुई थी जमानत
केस दर्ज होने के बाद मनीष फरार हो गए थे। निचली अदालत और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने के बाद उन्होंने 27 मई को सरेंडर किया था। पुलिस रिमांड के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान उनके आपराधिक रिकॉर्ड का हवाला दिए जाने के कारण उनकी नियमित जमानत याचिकाएं भी चार बार खारिज हुई थीं। करीब चार महीने बाद जेल से बाहर आते ही उनका यह अंदाज अब इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
ये भी पढ़ें: रीवा में स्वामित्व योजना में लापरवाही पर 15 पटवारी निलंबित, कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश




















