Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिंगरौली में सड़क-पुलिया नहीं होने से बीमार महिला को खाट पर लिटाकर नदी कराई पार कराई

सिंगरौली के बरका बेलवानी गांव में सड़क और पुलिया नहीं होने से बीमार महिला को खाट पर नदी पार कराई गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण की मांग की है।

सिंगरौली। विकास के तमाम दावों के बीच सिंगरौली जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरका बेलवानी से मानवता और व्यवस्था को झकझोर देने वाली तस्वीर सामने आई है। गांव में नदी पर पुलिया और पक्की सड़क न होने के कारण शनिवार को ग्रामीणों को एक बीमार महिला को खाट पर लिटाकर उफनती नदी पार करानी पड़ी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, बरका बेलवानी निवासी फुले बैगा की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब थी। शनिवार को अचानक उनकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने अस्पताल ले जाने का फैसला किया, लेकिन गांव तक एंबुलेंस या किसी भी वाहन के पहुंचने का रास्ता नहीं है।

बस्तर में सड़क के अभाव की दर्दनाक तस्वीर,बीमार महिला को कांवड़ में उठाकर पहाड़ से उतार रहे ग्रामीण

डेढ़ किमी पैदल चलकर सड़क तक पहुंचे

मजबूरन आशीष बैगा, बिरजू बैगा, बुंदेला बैगा और गोरेलाल सिंह ने महिला को खाट पर लिटाया और जान जोखिम में डालकर तैरते हुए नदी पार की। नदी पार करने के बाद भी मुश्किलें कम नहीं हुईं, परिजनों को करीब डेढ़ किलोमीटर तक पथरीले और कच्चे रास्ते पर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ा, जहां से वे इलाज के लिए सीधी रवाना हुए।

स्कूल जाने के लिए रोज जान हथेली पर! उफनती बेतवा नदी पार करते बच्चों का VIDEO वायरल, प्रशासन हरकत में

इनका कहना है...

ग्रामीण बिरजू बैगा ने बताया कि गांव में सड़क और पुलिया न होने से हमें सालभर भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। हम कई बार शासन-प्रशासन से पुलिया निर्माण की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

वहीं, देवसर जनपद पंचायत के सीईओ सूरज मिश्रा ने कहा कि मुझे इस समस्या की पूर्व में जानकारी नहीं थी। संबंधित स्थान की जानकारी, फोटो और वीडियो मंगवाए गए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यकतानुसार ग्राम पंचायत या जिला पंचायत स्तर से निर्माण कार्य सुनिश्चित कराया जाएगा।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts