छिंदवाड़ा में पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की कोशिश, दो आरोपी गिरफ्तार; एक किशोर भी पकड़ा गया

छिंदवाड़ा। आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी और किशोर के साथ मिलकर बैंक में घुसकर वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक सीडी डीलक्स बाइक जब्त की है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
बैंक का शटर खुला मिला, टूटे हुए थे ताले
8 नवंबर को गांगीवाड़ा पंजाब नेशनल बैंक के ब्रांच मैनेजर सोनल इंदल भावे ने थाना देहात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4 बजकर 18 मिनट पर बैंक के सायरन अलार्म का कॉल आया था। इसके बाद उन्होंने बैंक कर्मचारी दुर्गेश और अन्य लोगों को मौके पर भेजा, जहां बैंक का शटर खुला मिला और उस पर लगे ताले टूटे हुए थे।
ये भी पढ़ें: कटनी में क्रेन ऑपरेटर की संदिग्ध मौत पर प्रदर्शन, शव रखकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम; कंपनी प्रबंधन पर FIR की मांग
बैंक के CCTV कैमरे भी मिले टूटे हुए
मौके पर पहुंचने पर बैंक में लगे CCTV कैमरे भी टूटे हुए मिले। ब्रांच मैनेजर की शिकायत पर थाना देहात में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने बनाई विशेष टीम
मामले में पुलिस अधीक्षक अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी देहात निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने मुखबिर तंत्र मजबूत करने के साथ CCTV फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और फिंगरप्रिंट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर भी कस्टडी में
13 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर देहात पुलिस ने दो आरोपियों और एक विधि उल्लंघनकर्ता किशोर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने एक अन्य दोस्त और किशोर के साथ मिलकर बैंक में घुसकर वारदात करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों में अल्ताफ कुरैशी और आदर्श पिता मुकेश बोहद, उम्र 19 साल, निवासी पातालेश्वर, थाना कुंडीपुरा शामिल हैं।
फरार आरोपी की तलाश जारी, बाइक जब्त
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश के लिए टीम बनाकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी अल्ताफ कुरैशी के खिलाफ थाना कोतवाली में पहले से चोरी का मामला दर्ज है।




















