शहडोल में 6 माह की गर्भवती युवती को प्रेमी ने अपनाने से किया इनकार, शादी का वादा कर संबंध बनाने का आरोप

शहडोल। मैहर की एक युवती ने ब्यौहारी निवासी युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि करीब एक साल पहले उसकी दोस्ती ग्राम उफरी निवासी अभय कुशवाहा से इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों करीब आए। युवती के मुताबिक, अभय ने उससे शादी करने का वादा किया था।
युवती ने उसके वादों पर भरोसा किया। इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने। अब युवती छह माह की गर्भवती है। उसका आरोप है कि गर्भवती होने के बाद अभय ने शादी करने से इनकार कर दिया।
गर्भवती होने पर प्रेमी ने मुंह मोड़ा
युवती का आरोप है कि जिस युवक ने जिंदगीभर साथ निभाने का भरोसा दिया था, उसने अब उसे अपनाने से इनकार कर दिया है। युवती के मुताबिक, अभय ने बच्चे को लेकर भी अपमानजनक बातें कहीं। इससे वह मानसिक रूप से परेशान है। छह माह के गर्भ के साथ युवती अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। वह चाहती है कि अभय उसे और उसके होने वाले बच्चे को अपनाए। इसी उम्मीद में वह ब्यौहारी थाने पहुंची।
शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार
युवती की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी अभय कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में ब्यौहारी एसडीओपी ऋषभ झारी ने बताया कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद दोनों के बीच संबंध बने थे। युवती के छह माह की गर्भवती होने पर युवक ने शादी से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
शहडोल: घर में सो रही किशोरी को उठा ले गया तेंदुआ, 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला शव
युवती को बच्चे के भविष्य की चिंता
इस मामले में युवती की सबसे बड़ी चिंता उसके होने वाले बच्चे का भविष्य है। वह प्रेमी से अपनापन और बच्चे को स्वीकार करने की उम्मीद कर रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला कानूनी प्रक्रिया में है। आरोपी पर लगाए गए आरोपों पर आगे की कार्रवाई जांच और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होगी।




















