Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीधी: भंवरसेन घाटी की पहाड़ी पर जाने पर रोक, 18 जवान तैनात

सीधी के भंवरसेन घाटी में मां काली जैसी आकृति दिखने के स्थानीय दावों और बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन ने पहाड़ी पर जाने पर रोक लगा दी है। सुरक्षा के लिए 18 जवान तैनात किए गए हैं।
सीधी: भंवरसेन घाटी की पहाड़ी पर जाने पर रोक, 18 जवान तैनात
भंवरसेन घाटी की पहाड़ी पर जाने पर रोक

सीधी। जिले के रामपुर नैकिन क्षेत्र स्थित भंवरसेन घाटी की पहाड़ी पर जाने का रास्ता प्रशासन ने बंद कर दिया है। पहाड़ी पर मां काली जैसी आकृति दिखाई देने के स्थानीय दावों और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यहां लोगों की भीड़ बढ़ने लगी थी। धार्मिक आस्था के चलते लोग पहाड़ी पर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे थे। दुर्गम रास्ते, गहरी खाई और बड़ी चट्टानों के कारण हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। मौके पर पुलिस और वन विभाग की टीम तैनात है, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के लिए 18 जवानों की तैनाती की गई है।

गहरी खाई और बड़ी चट्टानों के बीच हादसे का खतरा

भंवरसेन घाटी में सोन नदी के समीप स्थित पहाड़ी का इलाका भौगोलिक रूप से जोखिमपूर्ण है। यहां ऊंची पहाड़ी, गहरी खाई और बड़ी-बड़ी चट्टानें हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। स्थानीय दावों के बाद पहाड़ी पर पहुंच रहे लोग चट्टानों के बीच से होकर ऊपर जाने का प्रयास कर रहे थे। भीड़ बढ़ने के साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका भी बढ़ गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पहाड़ी पर चढ़ने और प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने पर रोक लगा दी है।

पुलिस और वन विभाग ने की घेराबंदी

प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी है। लोगों को प्रतिबंध की जानकारी देने के लिए सूचना बोर्ड भी लगाया गया है। पुलिस और वन विभाग के जवानों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी व्यक्ति को प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश न करने दिया जाए। प्रशासन का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसलिए किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचना जरूरी है।

थाना प्रभारी ने बताई प्रतिबंध की वजह

रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी के अनुसार पिछले कुछ दिनों से भंवरसेन घाटी में लोगों की अत्यधिक भीड़ पहुंच रही थी। क्षेत्र दुर्गम है और चट्टानों से घिरा होने के कारण यहां हादसे की आशंका बनी हुई है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहाड़ी को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है और वहां सूचना बोर्ड लगाया गया है।

सीधी में चट्टान में देवी की आकृति दिखने के दावे के बाद उमड़े 5 हजार श्रद्धालु, 2 किमी लंबा जाम

प्रशासन की लोगों से अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था का पालन करें और पहाड़ी पर चढ़ने का प्रयास न करें। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो या स्थानीय दावों के आधार पर अपनी जान जोखिम में न डालें। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts