जबलपुर की शराब दुकान को लेकर हाईकोर्ट ने पूछा-एक ही बिल्डिंग में शाला और मधुशाला कैसे?

जबलपुर। जबलपुर के संजीवनी नगर में संचालित हो रही शराब दुकान को चुनौती देने वाली जनहित याचिका पर मप्र हाईकोर्ट में कड़ा रुख अपनाया है। मामले में आरोप लगाया गया है कि जिस बिल्डिंग में शराब दुकान किराए पर संचालित हो रही, उसी बिल्डिंग के दूसरे हिस्से में संस्कार भारती नाम से स्कूल भी संचालित हो रहा, जो कानूनन प्रतिबंधित है। मामले को गंभीरता से लेते हुए चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे और जस्टिस विवेक जैन की डिवीजन बेंच ने मामले पर नोटिस जारी करते हुए राज्य सरकार व अन्य से जवाब तलब किया है। अगली सुनवाई 6 नवम्बर को होगी।
जिस बिल्डिंग में स्कूल वहीं शराब दुकान भी
संजीवनी नगर में रहने वाले अजय पटेल की ओर से दायर इस जनहित याचिका में कहा गया है कि संजीवनी नगर के मुख्य मार्ग पर शराब दुकान का संचालन जिस बिल्डिंग में हो रहा, उसके बगल वाले हिस्से में स्कूल भी चल रहा है। तय कानूनों के मुताबिक एक ही बिल्डिंग में शाला और मधुशाला का संचालन नहीं हो सकता। इस बारे में जिला कलेक्टर, आबकारी अधिकारियों को शिकायतें देने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर यह याचिका दाखिल की गई।
ये भी पढ़ें: हाई कोर्ट तय करेगा कैसे वापस हो सकेंगे MP/MLA के मुकदमे, 4 नवंबर को अगली सुनवाई
लंबित आवेदन पर कलेक्टर लें फैसला
मामले पर हुई प्रारंभिक सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता सुरेन्द्र वर्मा और राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता ब्रम्हदत्त सिंह ने दलीलें रखीं। डिवीजन बेंच ने कहा है कि याचिकाकर्ता द्वारा 23 मार्च 2026 को जो आवेदन जिला कलेक्टर को दिया गया था, वह अभी भी पेंडिंग है। बेंच ने कलेक्टर को कहा है कि अगली सुनवाई से पहले वो लंबित आवेदन पर फैसला लें। उनका जो भी फैसला हो, उसकी सूचना याचिकाकर्ता को दी जाए और एक प्रति कोर्ट के सामने भी पेश की जाए।
ये भी पढ़ें: जमीन घोटाले में सस्पेंड CSP नेहा पच्चीसिया की याचिका पर फैसला सुरक्षित, हाईकोर्ट में पूरी हुई सुनवाई




















