सिवनी मालवा में नशे के खिलाफ जागा युवा जोश, विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त जीवन का संकल्प
सिवनी मालवा के श्री ज्ञानरत्न अकादमी में ब्रह्माकुमारी आश्रम द्वारा ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों और स्टाफ ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। नगरपालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने युवाओं से नशामुक्त समाज निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सिवनी मालवा। श्री ज्ञानरत्न अकादमी में नशा मुक्ति जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सिवनी मालवा। श्री ज्ञानरत्न अकादमी, बनापुरा में ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान’ के अंतर्गत ब्रह्माकुमारी आश्रम द्वारा प्रेरणादायी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ एवं उपस्थितजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
युवाओं को नशे से दूर रखना सामूहिक जिम्मेदारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष रिंकू जैन ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। जैन ने कहा कि नशामुक्ति का संकल्प केवल किसी एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संस्कारवान समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
ये भी पढ़ें: MP हाई कोर्ट को मिलेगा नया जज, अमित लाहोटी कल संभालेंगे जिम्मेदारी, केंद्र सरकार ने जारी की नियुक्ति अधिसूचना
ब्रह्माकुमारी आश्रम की टीम ने किया जागरूक
कार्यक्रम में बीके गुंजन, बीके कृतिका रघुवंशी एवं बीके सविता की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों एवं स्टाफ को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों और स्टाफ ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान श्री ज्ञानरत्न अकादमी के विद्यार्थियों, समस्त स्टाफ एवं उपस्थितजनों ने नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और समाज को मिलकर निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जागरूकता पैदा करना रहा। उपस्थितजनों ने नशामुक्त समाज के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।












