शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक 'अपनापन' का विमोचन :बोले-पीएम मोदी का नेतृत्व समाज और राष्ट्र निर्माण की सोच से जुड़ा

नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कार्यशैली पर लिखी गई पुस्तक ‘अपनापन’ का मंगलवार को दिल्ली के पूसा सभागार में भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर देश की कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवगौड़ा और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू सहित कई केंद्रीय मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। समारोह के दौरान पुस्तक को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और व्यक्तित्व से जुड़े अनुभवों का विशेष दस्तावेज बताया गया।
साझा किए पीएम मोदी के साथ अनुभव
पुस्तक विमोचन के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने लंबे राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा, कभी-कभी एक ऐसे व्यक्ति के साथ काम करने का मौका मिलता है, जो एक नेता होता है। ऐसे ही नेता हैं नरेंद्र मोदी, जिनके रोम-रोम में देश की जनता बसी है। मैंने उनके साथ काम करते हुए जो कुछ भी सीखा और अनुभव किया, उसे इस पुस्तक के माध्यम से देश को समर्पित कर रहा हूं। शिवराज ने कहा कि पीएम मोदी का नेतृत्व केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की सोच से जुड़ा हुआ है।
‘एकता यात्रा’ की यादों का किया जिक्र
कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने अपनी और नरेंद्र मोदी की पहली मुलाकात का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह मुलाकात ‘एकता यात्रा’ के दौरान हुई थी, जिसका संचालन नरेंद्र मोदी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उस समय आतंकियों के खतरे और तत्कालीन कांग्रेस सरकार की बाधाओं के बावजूद डॉ. मुरली मनोहर जोशी और नरेंद्र मोदी ने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया था। शिवराज ने बताया कि उस दौरान मोदी जी ने कहा था, "तिरंगा सिर्फ लाल चौक पर ही नहीं, बल्कि देश के हर युवा के दिल में फहराना है।" इस प्रसंग को उन्होंने राष्ट्रभक्ति और संकल्प का प्रतीक बताया।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक में नहीं बदलेगा शासन : सिद्धारमैया ही बने रहेंगे CM, कांग्रेस ने सभी अटकलों को किया खारिज
तकनीक और विकास को लेकर पीएम की सराहना
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत पहले ही तकनीक और आधुनिक सोच की ताकत को पहचान लिया था। उन्होंने बताया कि आज देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में हो रही प्रगति उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। शिवराज ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी द्वारा किए गए जल प्रबंधन कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि नर्मदा जल प्रबंधन के जरिए गुजरात के रेगिस्तानी इलाकों से लेकर मध्य प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र तक सिंचाई की सुविधाएं पहुंचाई गईं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में शुरू की गई ‘लाडली लक्ष्मी योजना’ और बेटियों को बचाने का अभियान भी उन्हें पीएम मोदी की प्रेरणा से ही शुरू करने की प्रेरणा मिली।
कोरोना काल और पीएम मोदी की कार्यशैली
शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय देश के सामने अभूतपूर्व संकट था। उन्होंने बताया कि जब कई वरिष्ठ अधिकारी तक संक्रमित हो रहे थे, तब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पीपीई किट, ऑक्सीजन सिलेंडर और प्रवासी मजदूरों के लिए परिवहन जैसी व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर की गईं। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की कार्यशैली से जुड़ा एक खास अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने एक बार उनसे कहा था, मैं अपनी प्रशंसा से कभी खुश नहीं होता, मैं केवल जमीन पर होने वाले काम से खुश होता हूं। शिवराज ने इसे मोदी के कर्मप्रधान व्यक्तित्व का उदाहरण बताया।
ये भी पढ़ें: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का ऐलान... डेमोग्राफी चेंज पर हाई-लेवल कमेटी बनाई, जस्टिस नावलेकर अध्यक्ष
कृषि क्षेत्र में नई योजनाओं का किया ऐलान
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री ने भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि तीसरी बार केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद वे पहले से अधिक ऊर्जा और संकल्प के साथ काम कर रहे हैं। किसानों की फसलों को रोगमुक्त बनाने और कृषि क्षेत्र में सुधार के लिए लगातार शोध किए जा रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि 1 जुलाई से ‘GRAM G’ योजना शुरू की जाएगी, जिसका उद्देश्य कृषि की दिशा और दशा में व्यापक बदलाव लाना है। शिवराज ने विश्वास जताया कि यह योजना किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












