शहपुरा टोल पर वसूली स्थगित, सिंहस्थ से पहले उज्जैन की सभी सड़कें पूरी करने के निर्देश

भोपाल। जबलपुर के शहपुरा आरओबी के क्षतिग्रस्त होने से यातायात प्रभावित होने के चलते शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली फिलहाल स्थगित कर दी गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में इसके निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश में चल रही प्रमुख सड़क परियोजनाओं की प्रगति के साथ आने वाले समय की कनेक्टिविटी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। गडकरी ने अधिकारियों से कहा कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन से जुड़ी सभी सड़क परियोजनाओं को समय पर और तेजी से पूरा किया जाए।
सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ता और सुरक्षा पर जोर
समीक्षा बैठक में नितिन गडकरी ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर सड़क परियोजना का डिजाइन सड़क सुरक्षा के तकनीकी मानकों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति या स्थानीय स्तर की समस्याओं के कारण परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। ऐसी अड़चनों को दूर करने के लिए केंद्र और राज्य के संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से समाधान निकालें ताकि परियोजनाओं का काम तय समय में आगे बढ़ सके।
अटल एक्सप्रेस-वे को बटेश्वर तक जोड़ने की योजना
बैठक में अटल एक्सप्रेस-वे के विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के बटेश्वर से विशेष संबंध का उल्लेख करते हुए अटल एक्सप्रेस-वे को बटेश्वर तक जोड़ने की बात कही। इस कनेक्टिविटी से मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण एक्सप्रेस-वे परियोजना का उत्तर प्रदेश के बटेश्वर क्षेत्र से सीधा जुड़ाव हो सकेगा। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में काम होगा।
यह भी देखें: मालवा और सोमनाथ एक्सप्रेस का भोपाल स्टेशन पर स्टॉपेज बंद, निशातपुरा से मिलेंगी ये ट्रेन
कान्हा की नागपुर, जबलपुर और रायपुर से बेहतर होगी कनेक्टिविटी
बैठक में कान्हा राष्ट्रीय उद्यान की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने को लेकर भी चर्चा हुई। गडकरी ने कान्हा को नागपुर, जबलपुर और रायपुर से बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बालाघाट जिले में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए भी योजना तैयार करने को कहा गया। इन कनेक्टिविटी परियोजनाओं से क्षेत्रीय आवागमन के साथ पर्यटन को भी बेहतर करने का लक्ष्य है।
सिंहस्थ से पहले उज्जैन से जुड़ी सड़क परियोजनाओं में तेजी
सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए बैठक में उज्जैन को जोड़ने वाली सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इन परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि सिंहस्थ के दौरान उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए बेहतर सड़क व्यवस्था उपलब्ध हो सके। उज्जैन की कनेक्टिविटी से जुड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना आगामी बड़े धार्मिक आयोजन की तैयारियों का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
यह भी देखें: 21 साल बाद फिर सड़कों पर दौड़ीं सरकारी बसें, 2029 तक 75% ग्राम पंचायतों को जोड़ने का लक्ष्य
इन सड़क परियोजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में प्रदेश की कई अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इनमें देवास जिले का संदलपुर-नसरूल्लागंज बायपास, उज्जैन-झालावाड़ फोरलेन, सतना-चित्रकूट फोरलेन, जबलपुर-लखनादौन-रायपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे और लौनी-बुरहानपुर लिंक परियोजना शामिल रही।




















