दमोह में तीन अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत, कार पलटने से 8 घायल

दमोह जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक सड़क हादसा भी शामिल है, जिसमें कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। वहीं, दूसरी घटना में जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली 35 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। तीसरी घटना में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरी, एक की मौत और 8 घायल
पहली घटना गैसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नकटी के पास हुई। यहां चार पहिया वाहन क्रमांक एमपी 35 जेडबी 7864 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे। वे प्रयागराज से फूल विसर्जन करने के बाद ग्राम तिंदुआ सेड़ारा, तहसील बटियागढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान नकटी गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जहरीले पदार्थ के सेवन से 35 वर्षीय महिला की मौत
दूसरी घटना में जहरीले पदार्थ का सेवन करने वाली 35 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान सविता (35), निवासी सिमरी देवी सिंह, थाना रनेह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गंभीर हालत में सविता को दमोह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया। हालांकि, जबलपुर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
तीसरी घटना मड़ियादो थाना क्षेत्र के कलकुआं के पास हुई। यहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुखलाल (30), निवासी ग्राम उदयपुरा के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




















