Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शादी की सनक में युवती का अपहरण: देवास से चित्तौड़गढ़ तक बंधक बनाकर की मारपीट

शादी की सनक में युवती का अपहरण: देवास से चित्तौड़गढ़ तक बंधक बनाकर की मारपीट
प्रतीकात्मक चित्र
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    इंदौर। लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक युवती को शादी की नीयत से अगवा कर दूसरे राज्य में बंधक बनाए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती का मोबाइल फोन छीन लिया और उसे देवास से लेकर राजस्थान के चित्तौड़गढ़ तक अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय पीड़िता काम के सिलसिले में बातचीत करने के लिए कैलोद कांकड़ स्थित तुलसी क्लिनिक गई थी। इसी दौरान क्लिनिक के बाहर उसकी मौसी के जेठ का लड़का उससे मिला। आरोपी ने युवती को देखते ही कहा मैं तुझसे प्यार करता हूं और शादी करना चाहता हूं। इससे पहले कि युवती कुछ समझ पाती, आरोपी ने जबरन उसे मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।

     

    देवास से चित्तौड़गढ़ तक बनाई बंधक, शादी का दबाव

    आरोपी युवती को काफी देर तक सड़कों पर घुमाता रहा और फिर उसे देवास ले गया, जहां एक झोपड़पट्टी में उसे छिपाकर रखा गया। इसके बाद आरोपी ने युवती को ट्रेन से राजस्थान के चित्तौड़गढ़ ले जाकर वहां भी बंधक बनाए रखा। चित्तौड़गढ़ में आरोपी ने युवती पर शादी करने का लगातार दबाव बनाया। जब पीड़िता ने शादी से इनकार किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने धमकाते हुए कहा अगर मुझसे शादी नहीं करेगी, तो तुझे और तेरे परिवार वालों को जान से खत्म कर दूंगा।

     

    राहगीर की मदद से बची जान

    हिम्मत दिखाते हुए पीड़िता ने चित्तौड़गढ़ में एक राहगीर से मोबाइल फोन मांगा और अपने परिजनों को अपनी लोकेशन भेजी। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत चित्तौड़गढ़ पहुंचे और युवती को आरोपी के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाकर इंदौर लेकर आए। इंदौर लौटने के बाद पीड़िता ने लसूड़िया थाने में पूरी आपबीती सुनाई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। यह मामला एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि क्या युवतियां अब अपने ही रिश्तेदारों से सुरक्षित नहीं हैं?और शादी के नाम पर होने वाले अपराधों पर पुलिस कब सख्ती दिखाएगी?

     

    Hemant Nagle
    By Hemant Nagle

    हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

    Latest Posts