सिवनी :कुएं में मिला बाघ का शव, करंट से शिकार की पुष्टि, वन विभाग कर रहा जांच

सिवनी। जिले के दक्षिण सामान्य वन मंडल अंतर्गत ग्राम चारगांव (तहसील सिवनी) में एक किसान के खेत स्थित कुएं में बाघ का शव 26 अप्रैल को पाया गया। जिसके बाद तत्काल वन अधिकारियों ने अमला मौके पर पहुंचाकर और जांच शुरू की गई।
दक्षिण सामान्य वन मंडल सिवनी के वन मंडल अधिकारी महेन्द्र सिंह उईके ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाघ का शिकार विद्युत करंट के माध्यम से किया गया और बाद में उसके शव को कुएं में फेंक दिया गया। घटना स्थल पर राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई करते हुए श्वान दल की मदद से आसपास के क्षेत्र का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
वन विभाग की टीम ने बाघ के शव को कुएं से बाहर निकालकर सुरक्षित रखा और 27 अप्रैल को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बाघ की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद दिशा-निदेर्शों के तहत शवदाह की प्रक्रिया पूरी की गई। बताया गया कि वन संरक्षक सिवनी संध्या और वनमंडलाधिकारी महेंद्र सिंह उईके के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी साक्ष्य उपलब्ध कराने पर 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई है।











