भोपाल में युवक ने फांसी लगाकर दी जान:सुसाइड से पहले वीडियो में पत्नी पर लगाए प्रताड़ना के आरोप, 7 महीने पहले की थी लव मैरिज

भोपाल में 28 वर्षीय युवक ने पत्नी से विवाद और कथित प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले उसने वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जिसमें पत्नी और ससुराल वालों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो को अहम सबूत के तौर पर खंगाल रही है।
होटल के कमरे में फंदे पर मिला शव
मामला शाहपुरा इलाके के एक होटल का है जहां विकास हिरवे नामक युवक ने शनिवार देर रात कमरा बुक किया था। रविवार सुबह होटल स्टाफ ने कमरे में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला लेकिन परिजनों ने युवक का एक वीडियो पुलिस को सौंपा है जो उसने मौत से पहले रिकॉर्ड किया था।
वीडियो में पत्नी और ससुराल पर गंभीर आरोप
सुसाइड से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में युवक ने अपनी पत्नी स्नेहा सोलंकी और उसके परिवार पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। उसने कहा कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही विवाद बढ़ने लगे थे और उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं। युवक ने वीडियो में यह भी दावा किया कि उसकी पत्नी उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी और ससुराल पक्ष का दबाव भी उस पर बना रहता था।
ये भी पढ़ें: रायपुर में हाई-प्रोफाइल सुसाइड केस : पूर्व विधायक के बेटे ने लगाई फांसी, घर में मिला शव; पत्नी बोली- पहली शादी छिपाई
7 महीने पहले हुई थी लव मैरिज
परिजनों के अनुसार, विकास ने करीब 7 महीने पहले लव मैरिज की थी। शुरुआती समय में सब ठीक था लेकिन धीरे-धीरे पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। शनिवार शाम को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी जिसके बाद युवक घर से निकल गया। रात करीब 3 बजे परिवार ने उसका आखिरी वीडियो देखा जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। सुबह होटल में उसकी मौत की खबर मिली।
ये भी पढ़ें: भोपाल मंडल को बड़ी सौगात! 28 अप्रैल से दौड़ेगी बनारस-हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस
पुलिस कर रही वीडियो और परिस्थितियों की जांच
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। वीडियो की सत्यता, उसमें लगाए गए आरोप और पारिवारिक विवाद की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।












