सिवनी मालवा में करणी सेना ने सौंपे दो ज्ञापन, यूजीसी कानून की समीक्षा और महाराणा प्रताप की प्रतिमा के लिए स्थान की मांग

सिवनी मालवा। करणी सेना परिवार एवं राजपूत परिषद/सर्व समाज सिवनी मालवा की ओर से मंगलवार, 22 सितंबर 2026 को विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासन को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। एक ज्ञापन में यूजीसी कानून के प्रावधानों की समीक्षा और आवश्यक सुधार की मांग की गई, जबकि दूसरे ज्ञापन में शहर के मुख्य चौराहे और बस स्टैंड के पास मेन रोड पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान आवंटित करने का अनुरोध किया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। संगठन की ओर से प्रशासन से दोनों मांगों पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।
यूजीसी कानून के प्रावधानों की समीक्षा की मांग
यूजीसी कानून से जुड़ा ज्ञापन राज्यपाल के नाम एसडीएम विजय राय के माध्यम से सौंपा गया। इसमें संगठन ने कानून के कुछ प्रावधानों को लेकर विद्यार्थियों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों में चिंता का उल्लेख किया। ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा व्यवस्था में सभी विद्यार्थियों को समान अवसर और समान अधिकार मिलना चाहिए। संगठन ने संविधान के अनुच्छेद 14 में दिए गए समानता और समान अवसर के अधिकार का उल्लेख करते हुए संबंधित प्रावधानों की संवैधानिक और जनहित के नजरिए से समीक्षा किए जाने की मांग रखी। संगठन ने यूजीसी कानून के विवादित प्रावधानों की दोबारा समीक्षा करने, विद्यार्थियों और युवाओं के हित में जरूरी सुधार करने तथा संबंधित प्रावधानों पर पुनर्विचार कर जनहित में उचित निर्णय लिए जाने का अनुरोध किया।
ये भी पढ़ें: सीधी-दो साल में नहीं मिला न्याय तो 71 वर्षीय बुजुर्ग ने जनसुनवाई में जाकर वापस मांगे अपने सभी आवेदन
महाराणा प्रताप की प्रतिमा के लिए स्थान देने की मांग
दूसरा ज्ञापन मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमरसिंह उइकर, नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा को सौंपा गया। इसमें शहर के मुख्य चौराहे और बस स्टैंड के समीप मेन रोड पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने के लिए नगर पालिका के अधीन उपलब्ध उपयुक्त स्थान का निरीक्षण कर नियमानुसार स्थान आवंटित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के महान योद्धाओं में शामिल हैं और उनका जीवन स्वाभिमान, साहस तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़ा रहा है। संगठन का कहना है कि शहर में उनकी प्रतिमा स्थापित होने से आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।
ये भी पढ़ें: लिफ्ट में हादसा! दूसरे फ्लोर से धड़ाम नीचे गिरी, 7 लोग घायल; गेट तोड़कर निकाले गए
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
दोनों ज्ञापन सौंपने के दौरान करणी सेना परिवार, राजपूत परिषद और सर्व समाज से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए संबंधित विषयों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। संगठन की ओर से कहा गया कि दोनों मांगों को लेकर प्रशासन स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उचित निर्णय लिया जाए।




















