सिवनी के धनोरा में मां दुर्गा मंदिर में चोरी, दानपेटी तोड़ी; प्रतिमा की चांदी की आंख भी ले गए चोर

सिवनी। जिले के धनोरा मुख्यालय स्थित मां दुर्गा मंदिर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर का दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुए और दानपेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। इसके साथ ही दुर्गा माता की प्रतिमा में लगी चांदी की आंख भी निकाल ली गई। चोरों ने शिवलिंग में लगी चांदी की आंख निकालने का भी प्रयास किया, लेकिन वे उसे पूरी तरह निकाल नहीं सके।
सुबह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालु
सोमवार सुबह नियमित पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। दानपेटी टूटी हुई थी और दुर्गा प्रतिमा की चांदी की आंख गायब थी। मंदिर में चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में दानपेटी से नकदी चोरी होने की बात सामने आई है, हालांकि उसमें कितनी रकम थी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
ये भी पढ़ें: धार में कांवड़ यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से गिरी, एक की मौत; 19 घायल
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों तथा आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। मंदिर परिसर और आसपास के स्थानों से संभावित साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। चांदी की आंखों का वास्तविक वजन और कीमत मंदिर प्रबंधन की जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस चोरी के आरोपियों तक पहुंचने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: 24-25 अगस्त को कांवड़ियों की भारी भीड़ का अलर्ट, सीहोर स्टेशन पर ट्रेन नंबर, नाम और समय की पूरी सूची जारी





















