धार में कांवड़ यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से गिरी, एक की मौत; 19 घायल

धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में सावन के चौथे और अंतिम सोमवार से पहले कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नर्मदा जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई। हादसे में 19 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि राजू पकाव नाम के एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
स्टीयरिंग फेल होने से हुआ हादसा
यह हादसा निसरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम कड़माल से करीब एक किलोमीटर दूर एक पुल पर हुआ। श्रद्धालु पुराने चिखलदा की ओर नर्मदा जल लेने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले थे। बताया जा रहा है कि पुल पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया। ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे जा गिरी।
करीब 30 श्रद्धालु थे सवार
हादसे के वक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 30 श्रद्धालु सवार थे। इनमें महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद शुरू की और घायलों को ट्रॉली से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर कुक्षी पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई।
6-7 घायलों की हालत गंभीर
बड़वानी जिला अस्पताल के डॉक्टर एसएन पाटीदार के मुताबिक, धार से करीब 18-19 मरीज अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इनमें 6 से 7 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों के सिर, कमर, हाथ और पेट में चोटें आई हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
पिछले 4 साल से कांवड़ यात्रा पर जा रहे थे
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि श्रद्धालु पिछले करीब चार साल से लगातार कांवड़ यात्रा पर जा रहे हैं। इस बार गांव के राम मंदिर से करीब 30-35 महिला और पुरुष नर्मदा जल लेने के लिए निकले थे। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, कड़माल के नए पुल पर पहुंचते ही अचानक ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया और वाहन पुल से नीचे उतर गया। हादसे में कई लोगों के सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बड़वानी जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है।





















