Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सिवनी:कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े चाकूबाजी, युवक पर जानलेवा हमला; 3 आरोपी गिरफ्तार

सिवनी के कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा चाकूबाजी की घटना ने सबको चौंका दिया। इस गंभीर हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कोर्ट परिसर में दिनदहाड़े चाकूबाजी, युवक पर जानलेवा हमला; 3 आरोपी गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर के भीतर हुई चाकूबाजी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े कोर्ट परिसर में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

कोर्ट परिसर में हुआ हमला, जान बचाने के लिए भागे युवक

जानकारी के मुताबिक 19 जून 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे जिला न्यायालय परिसर में पुरानी रंजिश के चलते योगेश उर्फ काली जसोरिया पर हमला किया गया। आरोप है कि देव उर्फ देवू सनकत, अमन झंझोटे, अंकित बैन और उनके दो नाबालिग साथियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

बालों को चीरता हुआ निकला चाकू

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अमन झंझोटे ने धारदार चाकू से योगेश के सिर पर वार किया। हालांकि हमला पूरी तरह सफल नहीं हो सका और चाकू उसके बालों को चीरते हुए निकल गया। इसके बाद आरोपियों ने योगेश जसोरिया, नयन बघेल और राहुल कश्यप पर पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर पीड़ित और उसके साथी अपनी जान बचाने के लिए कोर्ट परिसर के अलग-अलग कक्षों में जाकर छिप गए।

पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए दो धारदार चाकू और पत्थर भी बरामद कर लिए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में  देव उर्फ देवू सनकत (25), अमन झंझोटे (32), अंकित बैन (23) इसके अलावा 14 और 15 वर्ष के दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया जिन्हें बाद में बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें: रीवा: खदान में गिरी तेज रफ्तार बाइक, हादसे में 2 युवकों की मौत; एक गंभीर घायल

पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पहला विवाद जून 2025 में मठ मंदिर क्षेत्र में हुई मारपीट से जुड़ा था, जिसमें दोनों पक्षों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज हुए थे। वहीं मार्च 2026 में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का मानना है कि इन्हीं पुराने झगड़ों और आपसी दुश्मनी के कारण कोर्ट परिसर में यह हमला हुआ।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला

जांच के दौरान यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी देवू सनकत के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अमन झंझोटे पर सात से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: NEET UG Re-Exam: फिजिक्स ने बढ़ाई टेंशन, बायोलॉजी रही आसान; कई छात्रों को नंगे पैर देनी पड़ी परीक्षा

कोर्ट परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल

जिला न्यायालय जैसे संवेदनशील परिसर में दिनदहाड़े चाकू और पत्थरों से हमला होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अधिवक्ताओं और आम लोगों का कहना है कि अदालत परिसर में सुरक्षा जांच और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Dr. Sumit  Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts