Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमानक बीज बेचने पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, सीहोर के 9 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित

सीहोर जिले में मक्का बीज के नमूनों की जांच में कुछ बीज निर्धारित अंकुरण मानकों पर खरे नहीं उतरे। कृषि विभाग ने कार्रवाई करते हुए 9 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। संबंधित कंपनियों के अमानक बीज उत्पादों की बिक्री पर भी जिले में प्रतिबंध लगाया गया है।
अमानक बीज बेचने पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, सीहोर के 9 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित
कृषि विभाग, सीहोर

सीहोर। किसानों को गुणवत्तापूर्ण और मानक बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग की कार्रवाई के बावजूद अमानक बीजों के विक्रय का मामला सामने आया है। विभाग द्वारा जिले में मक्का बीज के नमूनों की जांच कराई गई, जिसमें निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले बीज पाए गए। इसके बाद कृषि विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए सीहोर जिले के 9 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। वहीं, अमानक बीज तैयार करने वाली संबंधित कंपनियों के उत्पादों की बिक्री पर भी जिले में प्रतिबंध लगाया गया है।

राज्य प्रयोगशाला में हुई बीजों की जांच

कृषि विभाग के उप संचालक एवं पदेन अनुज्ञापन प्राधिकारी अशोक कुमार उपाध्याय के अनुसार, जिले में बीज विक्रय केंद्रों से मक्का बीज के नमूने लिए गए थे। इन नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य बीज परीक्षण प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया। जांच रिपोर्ट में कुछ नमूनों की अंकुरण क्षमता निर्धारित मानक से कम पाई गई।

9 बीज विक्रय केंद्रों पर कार्रवाई

परीक्षण रिपोर्ट सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित विक्रय केंद्रों के खिलाफ कार्रवाई की। जिन 9 बीज विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उनमें मेसर्स सांई एग्रो भैरूंदा, मेसर्स सांई कृपा कृषि केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स मारूती कृषि सेवा केन्द्र लाड़कुई, मेसर्स भाटीजी कृषि सेवा केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स न्यू राकेश कृषि सेवा केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स संस्कार कृषि सेवा केन्द्र भैरूंदा, मेसर्स रावल ट्रेडर्स भैरूंदा, मेसर्स न्यू राहुल एग्रो एजेंसी भैरूंदा और मेसर्स कृषि विकास केन्द्र कांकरखेड़ा इछावर शामिल हैं।

बीज कंपनियों के उत्पाद भी जिले में प्रतिबंधित

कृषि विभाग ने केवल विक्रेताओं तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। जिन कंपनियों के उत्पादों के नमूने अमानक पाए गए, उनके संबंधित बीज उत्पादों को भी जिले में प्रतिबंधित किया गया है। विभाग के अनुसार इन कंपनियों में फोरजन सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, एडवान्टा इंटरप्राइजेज लिमिटेड, कार्नटेक सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, संभवी एग्री सीड्स प्राइवेट लिमिटेड, आश एग्री साइंस प्राइवेट लिमिटेड, वायर क्रॉप साइंस लिमिटेड, सीजेन्टा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, एल्डोराडो एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड और यगंती एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: महू वन अपराध मामले में 3 आरोपी 22 महीने से जेल में, परिजनों ने जांच और जमानत प्रक्रिया पर उठाए सवाल

शेष स्टॉक की होगी जांच

विभाग ने संबंधित विक्रय स्थलों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध शेष अमानक बीज स्टॉक की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है। इससे यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि जांच में अमानक पाए गए बीजों की आगे बिक्री न हो सके और किसानों तक इनकी आपूर्ति पर रोक लगाई जा सके।

किसानों से प्रमाणित बीज खरीदने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे बीज खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। किसानों को प्रमाणित एवं मानक बीज केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदने की सलाह दी गई है। बीज खरीदते समय बिल एवं संबंधित विवरण सुरक्षित रखने से शिकायत की स्थिति में कार्रवाई में भी मदद मिल सकती है।

शिकायत होने पर कृषि अधिकारियों से करें संपर्क

विभाग ने किसानों से कहा है कि यदि उन्हें बीज की गुणवत्ता, अंकुरण क्षमता या बिक्री को लेकर किसी प्रकार की शिकायत है, तो वे अपने विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा संबंधित कृषि कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। कृषि विभाग के अनुसार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए अमानक कृषि आदानों की बिक्री के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें: बुजुर्ग महिला को बेहोश कर सोने के गहने लूटे, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts