बीनागंज बस स्टैंड पर पुलिस को देखकर भागे दो संदिग्ध गिरफ्तार, पूछताछ में दो चोरी का खुलासा

गुना। बीनागंज बस स्टैंड पर पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे दो संदिग्धों को चांचौड़ा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चांचौड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने का एक पेंडल और चांदी की एक जोड़ी पायल बरामद की है। मामले में तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण और चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन और एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा।
दो घरों में चोरी की वारदात
चांचौड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। 2 सितंबर 2026 को ग्राम अजगरी निवासी मंजूबाई रजक ने अपने घर से नगदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 289/26 दर्ज किया था। इसी तरह 27 अगस्त 2026 को बीनागंज निवासी संतोष मीना ने घर से नगदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 279/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की।
बस स्टैंड पर पुलिस को देखकर भागने लगे
चोरी के मामलों की जांच के दौरान पुलिस टीम लगातार संदिग्धों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी। इसी बीच 24 सितंबर 2026 को बीनागंज चौकी की पुलिस टीम इलाके में भ्रमण पर थी। टीम जब बीनागंज बस स्टैंड पहुंची तो वहां मौजूद तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर अचानक घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पीछा कर घेराबंदी की। इस दौरान टीम ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा व्यक्ति भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान उदय उर्फ बुशी सेन (19), निवासी शाहिद कॉलोनी, ब्यावरा, जिला राजगढ़ और सरवन मीना (30), निवासी ग्राम कान्हाखेड़ी, थाना कुंभराज, जिला गुना के रूप में हुई।
ये भी पढ़ें: स्वामित्व योजना-मप्र हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका, 22 हजार पटवारियों को बनाने होंगे 68 लाख किसानों के दस्तावेज
पूछताछ में चोरी की दो वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार दोनों संदिग्धों से पूछताछ में उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चांचौड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सोने का एक पेंडल और चांदी की एक जोड़ी पायल बरामद की। बरामद सामान को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने तीसरे आरोपी की पहचान भी सुनिश्चित कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं 13 मामले
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला। जांच में सामने आया कि सरवन मीना के खिलाफ कुंभराज और चांचौड़ा थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, जुआ और एनडीपीएस एक्ट समेत 10 प्रकरण पहले से दर्ज हैं। वहीं उदय सेन के खिलाफ चांचौड़ा थाना और राजगढ़ जिले के ब्यावरा सिटी थाने में चोरी के 3 मामले दर्ज पाए गए हैं। इस तरह दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में पहले से कुल 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।
ये भी पढ़ें: मंडला नगर पालिका सीएमओ 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजोरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शिवप्रताप, मोनू करारे, अजय समाधिया, नवदीप शर्मा, राजू और सचिन भीलाला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के साथ चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।




















