बीयू का कारनामा : आंसरशीट में फर्स्ट डिवीजन पास स्टूडेंट्स को एजेंसी ने कर दिया फेल

भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के रिजल्ट तैयार करने वाली गुजरात की इंफिनिटी एजेंसी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रोफेसर्स द्वारा मूल्यांकन की गई उत्तरपुस्तिकाओं में जिन विद्यार्थियों को प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अंक मिले हैं, एजेंसी ने रिजल्ट तैयार करते समय उन्हें फेल कर दिया। करीब 3500 विद्यार्थियों ने अपनी उत्तरपुस्तिकाएं निकलवाई हैं। इनमें बड़ी संख्या में ऐसी कॉपियां मिली हैं, जिनमें मूल्यांकनकर्ताओं ने विद्यार्थियों को पास होने लायक अंक दिए हैं लेकिन अंकसूची में वे अंक दर्ज नहीं किए गए। विद्यार्थियों द्वारा निकलवाई गई उत्तरपुस्तिकाओं में प्रोफेसर्स ने प्रत्येक प्रश्न के उत्तर के आधार पर अंक दिए हैं। इसके बावजूद रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी ने मूल्यांकनकर्ताओं के अंकों को सही तरीके से दर्ज नहीं किया। इससे प्रथम श्रेणी में आने वाले विद्यार्थी तक फेल हो गए। रिजल्ट में गड़बड़ी को लेकर असिस्टेंट रजिस्ट्रार सुनील नायक और रजिस्ट्रार प्रो. समर सिंह के पास दर्जनों शिकायतें पहुंच चुकी हैं।
पिछले साल से 1200 ज्यादा आवेदन
रिजल्ट से असंतुष्ट विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सितंबर खत्म होने में अभी एक सप्ताह बाकी है और उत्तरपुस्तिका देखने के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 3500 से अधिक हो गई है। जबकि जनवरी से दिसंबर 2025 तक पूरे साल में 2300 विद्यार्थियों ने कॉपी देखने के लिए आवेदन किया था। इस साल यह आंकड़ा पहले ही करीब 1200 अधिक हो चुका है। बीयू ने यूजी और पीजी में करीब एक लाख विद्यार्थियों की परीक्षाएं कराई हैं। इनमें से करीब 50 हजार विद्यार्थियों के रिजल्ट जारी किए जा चुके हैं। विश्वविद्यालय में जारी हो रहे रिजल्ट में लगातार गड़बड़ियां सामने आने के कारण उत्तरपुस्तिकाएं निकलवाने वाले विद्यार्थियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: बीनागंज बस स्टैंड पर पुलिस को देखकर भागे दो संदिग्ध गिरफ्तार, पूछताछ में दो चोरी का खुलासा
एजेंसी के पास नहीं है तकनीकी टीम
रिजल्ट तैयार करने वाली एजेंसी के पास पर्याप्त तकनीकी टीम नहीं होने की बात भी सामने आ रही है। विश्वविद्यालय में एजेंसी की ओर से केवल दो कर्मचारियों को बैठाया गया है। बताया जा रहा है कि इन्हें रिजल्ट तैयार करने वाले सॉफ्टवेयर की पर्याप्त जानकारी नहीं है। इसके चलते रिजल्ट तैयार करने और अंकों को दर्ज करने में लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं। गुजरात की इंफिनिटी एजेंसी का भोपाल में अपना कोई कार्यालय भी नहीं है। ऐसे में रिजल्ट से जुड़ी समस्या आने पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों को गुजरात स्थित एजेंसी से संपर्क करना पड़ता है। भोपाल में एजेंसी का अधिकृत अधिकारी नहीं होने से विद्यार्थियों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो पा रहा है।
अब संशोधित रिजल्ट जारी करने की तैयारी
उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और जारी रिजल्ट में अंतर सामने आने के बाद विश्वविद्यालय अब प्रभावित विद्यार्थियों के रिजल्ट में सुधार करने की तैयारी कर रहा है। विश्वविद्यालय स्तर पर शिकायतों और उत्तरपुस्तिकाओं की जांच के बाद संशोधित रिजल्ट जारी किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: मंडला नगर पालिका सीएमओ 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप
शीघ्र होगी कार्रवाई
प्रो. समर सिंह, रजिस्ट्रार, बीयू का कहना है इंफिनिटी एजेंसी की ओर से काफी गड़बड़ियां सामने आई हैं, जिससे विद्यार्थियों के रिजल्ट प्रभावित हुए हैं। एजेंसी को नोटिस दिया गया है। शीघ्र ही उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




















