Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में डेढ़ महीने पुरानी चोरी का खुलासा, 3.50 लाख कैश और चांदी के जेवर उड़ाने वाले दो गिरफ्तार

सोहनखेड़ा में घर में घुसकर 3.50 लाख रुपए नकद और चांदी के जेवर चोरी करने वाले दो आरोपियों को बिलकिसगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों से 1.02 लाख नकद व 48 हजार के जेवर जब्त।
सीहोर में डेढ़ महीने पुरानी चोरी का खुलासा, 3.50 लाख कैश और चांदी के जेवर उड़ाने वाले दो गिरफ्तार
घर में घुसकर 3.50 लाख की चोरी करने वाले दो आदतन चोर गिरफ्तार

सीहोर। बिलकिसगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सोहनखेड़ा में करीब डेढ़ महीने पहले हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रात के समय घर में घुसकर 3.50 लाख रुपए नकद और चांदी के जेवरात चोरी किए थे। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 1.02 लाख रुपए नकद और करीब 48 हजार रुपए कीमत के चांदी के आभूषण, कुल करीब 1.50 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन चोर हैं और उनके खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम सोहनखेड़ा निवासी गीता बाई राठौर ने 8 अगस्त को बिलकिसगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 1 और 2 अगस्त की मध्यरात्रि के दौरान अज्ञात चोर उनके घर में घुस गए। चोर किचिन में रखे 3.50 लाख रुपए नकद, चांदी की तीन जोड़ पायल और चांदी का एक झूमर चोरी कर ले गए।

अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना बिलकिसगंज में अपराध क्रमांक 141/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और एसडीओपी सीहोर पूजा शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप सिंह मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान करने के साथ लगातार पूछताछ शुरू की।

ये भी पढ़ें: इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो की ‘भूमिगत’ तैयारी तेज! एयरपोर्ट से अगले हफ्ते TBM उतरेगी, 9 से 28 मीटर गहराई में बनेगी सुरंग

पूछताछ में विरोधाभास ने खोला चोरी का राज

जांच के दौरान पुलिस ने हेमंत मीणा उर्फ गोलू मीणा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरिया थाना इछावर और राहुल मीणा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम कनेरिया थाना इछावर को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों के बयानों में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने सोहनखेड़ा में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से पुलिस ने चोरी गई संपत्ति में से तीन जोड़ चांदी की पायल और एक चांदी का झूमर, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 48 हजार रुपए, बरामद किया। इसके अलावा 1.02 लाख रुपए नकद भी जब्त किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल करीब 1.50 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है।

ये भी पढ़ें: प्रदेशभर के निगम जुटा पाए 155 करोड़, अकेले इंदौर ने वसूले 95.59 करोड़

दोनों आरोपी बताए जा रहे आदतन चोर

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपी आदतन चोर हैं तथा उनके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी के कई अपराध पंजीबद्ध हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों और चोरी की संपत्ति के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय सीहोर में पेश किया जाएगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप सिंह मीणा के नेतृत्व में प्रआर जितेंद्र वर्मा, प्रआर रुपेश वर्मा, महिला प्रधान आरक्षक जयश्री इंगले, आरक्षक अरुण पटेल, अंकित वर्मा, गजेंद्र वर्मा और आनंद मीणा की भूमिका रही।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts