पथरिया: लूटकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कस्टडी से हुआ था फरार

पथरिया। पुलिस कस्टडी से आरोपी के फरार होने के मामले में तत्कालीन टीआई समेत चार पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी थी। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से आरोपी के बरोदिया में छिपे होने की जानकारी जुटाई। इसके बाद विशेष टीम ने घेराबंदी कर भोला आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ लूट के मामले में धारा 309 बीएनएस के अलावा अभिरक्षा से भागने का मामला भी दर्ज किया गया है।
डायमंड सिटी के पास लूट की वारदात
पथरिया थाना क्षेत्र में 6 सितंबर को फरियादी बिहारी सेन, 23 वर्षीय महलवारा निवासी, ने पथरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि डायमंड सिटी के पास उसके साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309 के तहत एफआईआर दर्ज की। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी भोला आदिवासी समेत दो नाबालिगों को आरोपी बनाया।
ये भी पढ़ें: नर्मदापुरम में 90 हजार की रिश्वत लेते दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी अरेस्ट, कनिष्ठ सहायक भी आरोपी
कस्टडी से फरार हुआ था आरोपी
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया था। 9 सितंबर को आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही थी, तभी मुख्य आरोपी भोला आदिवासी पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। थाने से आरोपी के भागने की घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक ने 10 सितंबर को तत्कालीन थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया था।
टीआई समेत चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
थाने में लापरवाही बरतने के आरोप में ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक (SI) संजू संयाम, प्रधान आरक्षक संदीप कुशवाहा और आरक्षक कुलदीप जैन को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया था। इसके साथ ही पथरिया थाने की कमान नवागत थाना प्रभारी महेंद्र जगेत को सौंपी गई थी। आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद उसे पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था।
राजस्थान भागने की फिराक में था आरोपी
मामले को सुलझाने के लिए एसडीओपी प्रिया सिंधी और नवागत थाना प्रभारी महेंद्र जगेत के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी मजदूरी के सिलसिले में राजस्थान के फलौदी जिले की ओर भागने की फिराक में है।
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट की राजपाल यादव को आखिरी मोहलत, 2 करोड़ जमा करने के लिए मिले 2 हफ्ते
पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सागर जिले के मालथौन थाना अंतर्गत ग्राम बरोदिया में अपने रिश्तेदारों के यहां छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने बरोदिया में उसके परिजनों के ठिकाने पर दबिश दी और घेराबंदी कर शातिर आरोपी भोला आदिवासी को दबोच लिया।




















