सीहोर पुलिस में हार्टफुलनेस योग-ध्यान से तनावमुक्त पुलिसिंग पर जोर, थानों की व्यवस्थाओं की समीक्षा
सीहोर। पुलिसिंग में बढ़ते तनाव और लगातार चुनौतीपूर्ण कार्य परिस्थितियों के बीच सीहोर पुलिस ने रविवार को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ बेहतर कार्यकुशलता पर जोर दिया। जिले के थाना एवं पुलिस कार्यालयों में ‘प्रत्येक रविवार-थाना परिवार’ थीम के तहत हार्टफुलनेस योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों ने थानों और पुलिस इकाइयों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों और जनसुनवाई सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा की।
हार्टफुलनेस सत्र से तनाव प्रबंधन पर जोर
पुलिस महानिरीक्षक भोपाल (देहात) जोन रुचिवर्धन मिश्र के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक (देहात) रेंज भोपाल राजेश सिंह चंदेल के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में 17 अगस्त को जिलेभर में यह गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति से हुई। इसके बाद पुलिसकर्मी वर्चुअल माध्यम से हार्टफुलनेस योग एवं ध्यान सत्र से जुड़े।
योग, प्राणायाम और ध्यान का कराया अभ्यास
सत्र के दौरान सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योग मुद्राओं, प्राणायाम, रिलेक्सेशन और सामूहिक ध्यान का अभ्यास कराया गया। पुलिसकर्मियों को बताया गया कि नियमित योग और ध्यान तनाव कम करने के साथ मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच, आत्मअनुशासन और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं। अधिकारियों ने स्वस्थ जीवनशैली को पुलिसकर्मियों की दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
एएसपी ने अमलाहा चेकपोस्ट का किया निरीक्षण
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीहोर डॉ. प्रशांत चौबे ने थाना आष्टा अंतर्गत अमलाहा चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं, कार्यालयीन कार्यप्रणाली, अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपराध नियंत्रण और प्रभावी विवेचना के साथ पुलिस परिसर में स्वच्छता एवं संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
निरीक्षण के बाद किया पौधारोपण
निरीक्षण के उपरांत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे ने चेकपोस्ट परिसर में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिसर के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। पौधारोपण को पुलिस परिसर को हराभरा और स्वच्छ बनाने की पहल से भी जोड़ा गया।
ये भी पढ़ें: कटनी: ग्रामीणों ने की सड़क की मांग, कलेक्टर ने पैदल चलकर लिया जायजा; फिर बाइक चलाकर एसपी को पीछे बैठाया
एसडीओपी ने भी थानों की व्यवस्थाएं परखीं
जिले के विभिन्न अनुविभागों में एसडीओपी स्तर के अधिकारियों ने भी संबंधित थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निराकरण, जनसुनवाई, महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान, कानून-व्यवस्था और अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने थाना प्रभारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इछावर थाने में योग सत्र में शामिल हुए एसडीओपी
एसडीओपी भेरूंदा श्री रोशन गुप्ता ने थाना इछावर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना स्टाफ के साथ योग एवं ध्यान सत्र में सहभागिता की। इसके बाद थाने में दर्ज अपराधों, लंबित मामलों और अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
रेहटी थाने में अपराध और लंबित मामलों की समीक्षा
एसडीओपी बुधनी श्री रवि शर्मा ने थाना रेहटी का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ध्यान सत्र में भाग लिया। इसके बाद अपराधों, लंबित प्रकरणों और थाना स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सिद्दीकगंज थाने में भी हुई समीक्षा
एसडीओपी आष्टा श्री दामोदर गुप्ता ने थाना सिद्दीकगंज का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ योग एवं ध्यान सत्र में सहभागिता की। इसके बाद अपराध नियंत्रण और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए मामलों के प्रभावी निराकरण तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
स्वच्छता और रिकॉर्ड दुरुस्ती पर विशेष ध्यान
वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को थाना अभिलेखों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को हमेशा अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित आकस्मिक निरीक्षणों को ध्यान में रखते हुए रिकॉर्ड, संसाधनों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया।
आमजन को संवेदनशील पुलिस सेवा देने के निर्देश
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिसिंग का केंद्र आमजन होना चाहिए। जनसुनवाई, महिला संबंधी शिकायतों और अन्य समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर रहा।
ये भी पढ़ें: सीवन नदी से जल भर हजारों शिवभक्तों ने किया बाबा केदारनाथ का जलाभिषेक, अयोध्या से नागपुर तक उमड़े श्रद्धालु
शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य से बेहतर पुलिसिंग की पहल
‘प्रत्येक रविवार-थाना परिवार’ पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन, कार्यकुशलता और आपसी समन्वय को मजबूत करना है। योग, ध्यान और नियमित व्यायाम के साथ थाना व्यवस्थाओं की समीक्षा को जोड़कर पुलिस विभाग ने स्वस्थ पुलिस बल के साथ अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी पुलिसिंग की दिशा में कदम बढ़ाया है।















