🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

सीहोर को मिली विकास की सौगात: 37 फैसलों पर लगी मुहर, चैन सिंह के नाम ऑडिटोरियम, दादाभाई के नाम ग्राउंड

नपा परिषद ने 37 प्रस्तावों पर चर्चा कर विकास कार्यों को गति देने का फैसला किया। ऑडिटोरियम का नाम वीर शिरोमणि चैन सिंह और बाल विहार ग्राउंड का नाम दादाभाई शिवलाल सिंह चौहान के नाम पर होगा।
Follow on Google News
सीहोर को मिली विकास की सौगात: 37 फैसलों पर लगी मुहर, चैन सिंह के नाम ऑडिटोरियम, दादाभाई के नाम ग्राउंड
सीहाेर। नगर पालिका परिषद की बैठक में अध्यक्ष एवं पार्षद।

सीहोर। नगर पालिका परिषद की महत्वपूर्ण परिषद बैठक में शहर के विकास और जनहित से जुड़े 37 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सड़क निर्माण, डिवाइडर, पोल, भवन निर्माण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्तावों पर विचार किया गया। परिषद के निर्णयों से शहर में अधोसंरचना विकास को गति मिलने की उम्मीद है। बैठक की खास बात यह रही कि विकास कार्यों के साथ सीहोर की ऐतिहासिक और सामाजिक विरासत को सम्मान देने वाले दो महत्वपूर्ण नामकरण प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया।

वीर शिरोमणि चैन सिंह के नाम होगा ऑडिटोरियम

नगर पालिका परिषद ने शहर की ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए नगर पालिका के ऑडिटोरियम का नाम 'वीर शिरोमणि चैन सिंह ऑडिटोरियम' किए जाने पर सहमति दी। परिषद के इस निर्णय को सीहोर की वीरता और गौरवशाली इतिहास से जोड़कर देखा जा रहा है। नामकरण के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को भी वीर शिरोमणि चैन सिंह के शौर्य और साहस से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।

बाल विहार ग्राउंड अब दादाभाई शिवलाल सिंह चौहान के नाम

बैठक में शहर के प्रमुख बाल विहार ग्राउंड का नाम भी बदलने का निर्णय लिया गया। अब यह मैदान 'स्वर्गीय श्री दादाभाई शिवलाल सिंह चौहान' के नाम से जाना जाएगा। नगर पालिका के इस निर्णय को शहर के सामाजिक योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। दोनों नामकरणों के जरिए सीहोर की नई पीढ़ी को शहर के इतिहास और महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों से जोड़ने की पहल की गई है।

/img/89/1786453952865

फॉरेस्ट कॉलोनी में बनेगा नया अंबेडकर मंगल भवन

बैठक में वार्ड क्रमांक 14 स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी के पास नवीन अंबेडकर मंगल भवन के निर्माण से संबंधित प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। भवन निर्माण के लिए 62.51 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव रखा गया। मंगल भवन बनने से क्षेत्र के नागरिकों को सामाजिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक होगा सीसी कार्य

शहर की सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भोपाल नाका से कोतवाली चौराहा तक सीसी कार्य से जुड़े प्रस्ताव पर भी परिषद में विचार किया गया। इसके साथ ही शुगर फैक्ट्री चौराहा से लूनिया चौराहा तक सीसी रोड, डिवाइडर और पोल निर्माण कार्य के पुनरीक्षित प्राक्कलन पर चर्चा हुई। इस कार्य की प्रस्तावित राशि करीब 4.99 करोड़ रुपए बताई गई है।

शुगर फैक्ट्री से तहसील चौराहा तक भी विकास कार्य

शुगर फैक्ट्री चौराहा से तहसील चौराहा तक सीसी रोड, डिवाइडर एवं पोल निर्माण कार्य के लिए करीब 3.39 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव पर भी परिषद ने चर्चा की। इन कार्यों के पूरा होने के बाद संबंधित मार्गों की स्थिति में सुधार के साथ शहर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: घर में छिपा रखा था 11.5 किलो गांजा; आष्टा के 64 वर्षीय आरोपी को 8 साल की सजा, 10 हजार रुपए जुर्माना

नदी चौराहा पर बनेगा महिला मार्केट

मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना निर्माण योजना के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 28 में संघ कार्यालय के सामने नदी चौराहा पर महिला मार्केट निर्माण का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। करीब 1.35 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित इस कार्य से संबंधित निविदा प्रक्रिया पर परिषद ने विचार किया। महिला मार्केट बनने से महिला व्यापारियों और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को व्यवस्थित स्थान मिलने की उम्मीद है।

विकास के साथ विरासत का सम्मान भी जरूरी : प्रिंस राठौर

नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि सीहोर का विकास परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 37 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर शहर के विकास से जुड़े अनेक कार्यों को गति देने के निर्णय लिए गए हैं। सड़क, भवन, डिवाइडर और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य आने वाले समय में सीहोर की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास के साथ ऐतिहासिक विरासत और महान विभूतियों का सम्मान करना भी हमारी जिम्मेदारी है। वीर शिरोमणि चैन सिंह के नाम पर ऑडिटोरियम और स्वर्गीय दादाभाई शिवलाल सिंह चौहान के नाम पर बाल विहार ग्राउंड का नामकरण इसी भावना का प्रतीक है। नगर पालिका परिषद जनहित, विकास और सीहोर की गौरवशाली पहचान को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

ये भी पढ़ें: मप्र कैबिनेट के फैसले-भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, इछावर में बनेगा सोयाबीन रिसर्च सेंटर

37 फैसलों से शहर के विकास को मिलेगी नई दिशा

परिषद की बैठक में 37 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा को शहर के विकास की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। बड़े सड़क और अधोसंरचना कार्यों के साथ नागरिक सुविधाओं और शहर की ऐतिहासिक पहचान से जुड़े निर्णय भी लिए गए हैं। इन फैसलों से जहां विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है, वहीं नामकरण के माध्यम से सीहोर की विरासत और सामाजिक योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मान भी मिलेगा।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार। ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत्र...Read More

icon

Latest Posts