सीहोर में लव-कुश जन्मोत्सव की धूम: जयकारों से गूंजा शहर, घोड़े पर ध्वजवाहक और भव्य झांकी ने खींचा ध्यान

सीहोर। भगवान श्रीराम के पुत्र लव-कुश के जन्मोत्सव पर सोमवार को सीहोर शहर भक्तिमय नजर आया। कुशवाह समाज की ओर से निकाले गए भव्य चल समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और श्रद्धालु शामिल हुए। हाथों में धार्मिक ध्वज, लव-कुश के जयकारे और भजनों की धुन के बीच निकले चल समारोह से शहर का माहौल उत्साह और श्रद्धा से भर गया।
भोपाल नाके से शुरू हुआ चल समारोह
चल समारोह की शुरुआत सुबह 11 बजे भोपाल नाका स्थित हनुमान मंदिर से हुई। यहां से शोभायात्रा इंग्लिशपुरा, कोतवाली चौराहा, पान चौराहा, मेन रोड, लीसा टॉकीज और तहसील चौराहा होते हुए श्री सुंदर गार्डन पहुंची। सुंदर गार्डन में भगवान लव-कुश की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
घोड़े पर ध्वजवाहक, पीछे भगवान लव-कुश की झांकी
चल समारोह में सबसे आगे घोड़े पर सवार ध्वजवाहक चल रहे थे। उनके पीछे भगवान लव-कुश की आकर्षक झांकी थी। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने झांकी के दर्शन किए। धार्मिक जयकारों और भजनों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
अखाड़ों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
चल समारोह में शामिल अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक शौर्य और कौशल का प्रदर्शन किया। कलाकारों के करतब देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा रही। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक गीतों के बीच अखाड़ों की प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह बढ़ा दिया।
भजनों पर झूमे युवा और महिलाएं
चल समारोह में युवाओं और महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। धार्मिक भजनों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़ते रहे। रास्ते में लगातार लव-कुश के जयकारे गूंजते रहे, जिससे शहर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कोतवाली चौराहे पर हुआ स्वागत
चल समारोह के कोतवाली चौराहे पहुंचने पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के नेतृत्व में कुशवाह समाज और चल समारोह समिति के पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। नपाध्यक्ष ने समाजजनों को लव-कुश जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं और आयोजन की सराहना की।
लव-कुश के जीवन से मिलता है धर्म और साहस का संदेश
इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि लव-कुश आस्था और श्रद्धा के केंद्र हैं। उनके जीवन से धर्म, संस्कार, साहस और कर्तव्य का संदेश मिलता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
भोपाल नाके से सुंदर गार्डन तक निकले चल समारोह का कई स्थानों पर नागरिकों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। विधायक सुदेश राय, भाजपा नेता सन्नी महाजन, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर और मंडल अध्यक्ष सुशील ताम्रकार समेत अन्य लोगों ने पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा से चल समारोह का स्वागत किया।
पूजा-अर्चना के साथ हुआ समापन
श्री सुंदर गार्डन पहुंचने के बाद भगवान लव-कुश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही चल समारोह का समापन हुआ। आयोजन समिति ने कार्यक्रम में शामिल समाजजनों, श्रद्धालुओं, नागरिकों और सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में आयोजन अध्यक्ष बलराम पटेल, प्रभारी संतोष कुशवाहा, संयोजक जगदीश कुशवाहा, सानंद कुशवाह, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण कुशवाहा, उपाध्यक्ष अर्जुन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भागीदारी ने लव-कुश जन्मोत्सव के आयोजन को खास बना दिया।




















