Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में जमीन को लेकर विवाद, ट्रैक्टर ड्राइवर और खेत मालिक पर लाठी-डंडों से हमले का आरोप

सीहोर में जमीन पर हक और कब्जे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि खेत में बख्खर करने पहुंचे ट्रैक्टर ड्राइवर और खेत मालिक पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करने के आरोप लगाए गए। खेत में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
सीहोर में जमीन को लेकर विवाद, ट्रैक्टर ड्राइवर और खेत मालिक पर लाठी-डंडों से हमले का आरोप
सीहोर में जमीन को लेकर विवाद

सीहोर। पीड़ित पक्ष सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और एसपी सोनाक्षी सक्सेना को शिकायती आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बख्खर करने पहुंचे थे, तभी शुरू हुआ विवाद

पीड़ित भगवत पिता पीर सिंह ने आवेदन में बताया कि 3 अक्टूबर शनिवार दोपहर करीब 1 बजे वह ग्राम बिजोरी के लीला किशन मेवाड़ा और निकेश मेवाड़ा के ट्रैक्टर चालक बंसीलाल के साथ रोलागांव स्थित जमीन पर आगामी कृषि कार्य के लिए बख्खर कराने पहुंचे थे। यह भूमि खसरा क्रमांक 193/1/1/1/2, 203/4/1, 193/1/1/2 और 193/1/3 से संबंधित बताई गई है।

ये भी पढ़ें: सीधी के बरही में एक ही जमीन पर 4 दावेदार, कई लोगों पर बेघर होने का खतरा

यह जमीन हमारी है कहकर जताया विरोध

आरोप है कि इसी दौरान सुनीता बाई पुत्री अमर सिंह, प्रवीण सहित अन्य लोग मौके पर पहुंच गए और जमीन को अपना बताते हुए बख्खर करने का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर कथित रूप से लाठी-डंडों और पत्थरों से ट्रैक्टर ड्राइवर और खेत मालिक पर हमला कर दिया गया। अचानक हुए विवाद से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

2019 में जमीन खरीदने का दावा

भगवत सिंह का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2019 में उक्त भूमि राजेश पिता अमर, नारायण सिंह पिता हरिराम और लालचंद पिता नंदराम निवासी कृषक ग्राम रोला से खरीदी थी। उनका दावा है कि जमीन से संबंधित दस्तावेज उनके पास हैं और कृषि कार्य के लिए बख्खर चलाने का आदेश तहसीलदार न्यायालय द्वारा दिया गया है।

Breaking News

पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि खेत में हुए विवाद से ट्रैक्टर मालिक और ड्राइवर का कोई लेना-देना नहीं था, इसके बावजूद उनके खिलाफ एससी एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें फंसाया गया है। भगवत सिंह ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।

एसपी कार्यालय पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

शिकायती आवेदन देने पहुंचे किसानों ने कहा कि जमीन के विवाद का समाधान कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए, लेकिन खेत में कृषि कार्य करने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट का आरोप गंभीर है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

दोनों पक्षों पर केस, पुलिस कर रही जांच

इस मामले में मंडी थाना प्रभारी अर्चना सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस केस कायम है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के दौरान किसान रहे मौजूद

एसपी कार्यालय में शिकायत देने के दौरान महेंद्र, वीर सिंह, भगवत सिंह, दिनेश सहित अन्य किसान मौजूद रहे। पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जमीन विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts