PlayBreaking News

सीहोर :बारिश में खनन पर रोक के बावजूद चल रहा था उत्खनन, अहमदपुर पुलिस ने मारा छापा

सीहोर के अहमदपुर थाना पुलिस ने ग्राम गवा की सरकारी खदान में आधी रात छापा मारकर अवैध खनन का खुलासा किया। मौके से एक जेसीबी और डंपर जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में वाहन एक निजी चिकित्सक से जुड़े बताए जा रहे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई खनिज विभाग करेगा।
Follow on Google News
बारिश में खनन पर रोक के बावजूद चल रहा था उत्खनन, अहमदपुर पुलिस ने मारा छापा
सीहोर में आधी रात अवैध खनन पर छापा

सीहोर। बारिश के मौसम में जिलेभर में खनन पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद अवैध उत्खनन का कारोबार थमता नजर नहीं आ रहा है। अहमदपुर थाना पुलिस ने आधी रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गवा की सरकारी खदान में चल रहे कथित अवैध उत्खनन का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से एक जेसीबी और एक डंपर जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में दोनों वाहन दुर्ग गांव निवासी निजी चिकित्सक डॉ. सर्जन सिंह तंवर के बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

मुखबिर की सूचना पर आधी रात छापा

जानकारी के अनुसार, अहमदपुर थाना प्रभारी रमन सिंह ठाकुर को सूचना मिली थी कि ग्राम गवा स्थित सरकारी खदान में प्रतिबंध के बावजूद रात के अंधेरे में अवैध उत्खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रात करीब 12:30 बजे मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस ने मौके पर उत्खनन में इस्तेमाल की जा रही एक जेसीबी और एक डंपर को अपने कब्जे में ले लिया।

डॉक्टर के नाम सामने आने से बढ़ी चर्चा

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जब्त किए गए दोनों वाहन दुर्ग गांव निवासी निजी चिकित्सक डॉ. सर्जन सिंह तंवर के बताए जा रहे हैं। वाहन स्वामित्व को लेकर अब पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि स्वामित्व और उपयोग से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Breaking News

खनिज विभाग करेगा वैधानिक कार्रवाई

सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर से लगे रेस्ट हाउस में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। मामले की सूचना खनिज विभाग को भेजी जा रही है। आगे की कार्रवाई मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत खनिज विभाग द्वारा की जाएगी।

प्रतिबंध के बावजूद अवैध खनन जारी

गौरतलब है कि कलेक्टर बालागुरू के. ने बारिश के मौसम को देखते हुए जिले में सभी प्रकार के खनन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद सरकारी खदानों में रात के अंधेरे में अवैध उत्खनन की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। अहमदपुर पुलिस की यह कार्रवाई खनन माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश मानी जा रही है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच के बाद अवैध उत्खनन से जुड़े जिम्मेदार लोगों पर क्या कानूनी कार्रवाई होती है।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma
नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts