Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में जुटेगा भोपाल के डॉक्टरों का दल, एक नवंबर को हेल्थ कैंप में फ्री होगी जांच, दवा भी मिलेगी

सीहोर में गगन जन सेवा समिति की ओर से 1 नवंबर 2026 को मोदी मांगलिक भवन, बिजली घर चौराहा पर नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित होगा। दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक विशेषज्ञ डॉक्टर जांच और परामर्श देंगे। शिविर में विभिन्न मेडिकल जांचों, दवाइयों, चश्मों, कान की मशीनों और जरूरतमंद मरीजों के मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी।
 सीहोर में जुटेगा भोपाल के डॉक्टरों का दल, एक नवंबर को हेल्थ कैंप में फ्री होगी जांच, दवा भी मिलेगी
सीहोर में एक नवंबर को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।

सीहोर। सनातन संस्कृति में परोपकार और पीड़ित मानवता की सेवा को ईश्वर भक्ति का सर्वोच्च रूप माना गया है। तुलसीदास जी ने भी कहा है 'परहित सरिस धरम नहिं भाई', अर्थात् दूसरों के कल्याण से बड़ा कोई धर्म नहीं है। इसी ईश्वरीय भाव और सेवा संकल्प को धरातल पर साकार करते हुए गगन जन सेवा समिति द्वारा सीहोर में किसानों एवं आम नागरिकों के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु एक भव्य व नि:शुल्क मेगा स्वास्थ्य परीक्षण एवं जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। गगन जन सेवा समिति के तत्वावधान में 1 नवंबर 2026, रविवार को बिजली घर चौराहा स्थित मोदी मांगलिक भवन में शिविर लगाया जाएगा। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होने वाले इस शिविर में भोपाल और सीहोर के विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न बीमारियों की जांच कर मरीजों को परामर्श देंगे।

ब्लड प्रेशर से लेकर इको कार्डियोग्राफी तक जांच निःशुल्क

शिविर के आयोजक डॉ. गगन नामदेव ने बताया कि शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, ईसीजी और इको कार्डियोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण जांचें निःशुल्क की जाएंगी। इसके अलावा डिजिटल एक्स-रे, सोनोग्राफी और हीमोग्लोबिन की जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इन जांचों के माध्यम से मरीजों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक जानकारी प्राप्त करने और जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय सलाह लेने का अवसर मिलेगा।

दांतों की एआई तकनीक से जांच, गले की भी होगी जांच

स्वास्थ्य शिविर में दंत रोगों से संबंधित जांच के लिए एआई तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके तहत दांतों का चेकअप कर डिजिटल रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही दूरबीन की सहायता से गले की जांच भी की जाएगी। विद्यार्थियों के लिए ब्लड ग्रुप जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे उन्हें अपने रक्त समूह की जानकारी प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इस प्रकार शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ दांत, गले और अन्य आवश्यक जांचों को भी शामिल किया गया है।

ये भी पढ़ें: सीहोर के मुक्केबाजों का ग्वालियर में महापंच ! 10 में से 9 मेडल जीते , 3 गोल्ड से विरोधियों को दी पटखनी

मरीजों को मुफ्त दवाइयां, मोतियाबिंद के ऑपरेशन भी होंगे

आयोजकों के अनुसार शिविर में जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के लिए सेवा सदन के माध्यम से निःशुल्क ऑपरेशन कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। पात्र गरीब और जरूरतमंद मरीजों को नजर के चश्मे तथा कान की मशीनें भी मुफ्त वितरित की जाएंगी।

​राजधानी और सीहोर के विख्यात चिकित्सकों का पावन संगम

​रोगियों के कष्ट हरने के लिए सीहोर और भोपाल के ख्यातिलब्ध विशेषज्ञ चिकित्सक एक ही छत के नीचे अपनी नि:स्वार्थ सेवाएं अर्पित करेंगे। शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. शशांक दीक्षित, लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अभिजीत देशमुख, न्यूरो सर्जन डॉ. वरुण सिंह पैंगो, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. विरेन्द्र सिंह, वरिष्ठ नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ डॉ. एल.एन. नामदेव, यूरोलॉजिस्ट डॉ. नितिन गुप्ता व डॉ. अखिलेश त्रिपाठी, वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. आशुतोष दरबारी, वरिष्ठ अस्थि एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश खरे, डॉ. सचिन समैया, डॉ. हरिओम गुप्ता, डॉ. भानु मेवाड़ा, डॉ. समीर गुप्ता व डॉ. राहिल राठौर उपस्थित रहेंगे। साथ ही जनरल फिजिशियन डॉ. अमित मोदी, डॉ. विवेक सक्सेना, डॉ. रजत मित्तल व डॉ. भविश्य राठौर, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र मंदानी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव ताम्रकार व डॉ. प्रिया गोगिया, और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. निखिल जलोरी जैन अपनी सेवाएं देंगे। नारी स्वास्थ्य संरक्षण हेतु स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. राशि मोदी, डॉ. अमरजीत मंगानी, डॉ. श्रेया सक्सेना, डॉ. दीप्ति नितिन गुप्ता, डॉ. सुजाता परमार, डॉ. सुनीता सिसोदिया, डॉ. पुष्पा कनौजिया व डॉ. गरिमा नामदेव उपस्थित रहेंगी।

ये भी पढ़ें: सीहोर: पुलिस ने मिशन रिकवरी के तहत 493 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts