वन चौकी में घुसकर वनकर्मियों पर बरसे आरोपी, मारपीट के बाद सरकारी बाइक-मोबाइल लूटा, तीन गिरफ्तार

सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र में वन विभाग की दौलतपुर चौकी पर वनकर्मियों के साथ मारपीट कर सरकारी सामान और जब्त मोटरसाइकिल लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात वनकर्मियों के साथ डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा। घटना के बाद आरोपी वन विभाग की उड़नदस्ता टीम की चाबी, मोबाइल और जब्त मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल सीहोर भेज दिया गया।
ड्यूटी के दौरान चौकी पर पहुंचे तीन आरोपी
पुलिस के अनुसार घटना 8 अगस्त 2026 की शाम करीब 6 बजे की है। 15वीं बटालियन जी कंपनी इंदौर के आरक्षक भागीरथ सिंह विश्वकर्मा ने थाना इछावर में आवेदन देकर बताया था कि वे आरक्षक प्रिंस शाक्य और सउनि गोपीनाथ रावत के साथ ड्यूटी पर थे। इसी दौरान गादिया निवासी मानसिंह कोरकू तथा दौलतपुर निवासी जयकिशन उर्फ जैकी कोरकू और महेश कोरकू चौकी पर पहुंचे।
डंडों और हथियारों से वनकर्मियों पर हमला
आरोप है कि तीनों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर वन रक्षक धर्मेंद्र जाटव और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान चौकी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आरोपी वहां से सरकारी सामान लेकर भाग निकले।
मोबाइल और उड़नदस्ता की चाबी भी ले गए
घटना के दौरान आरोपियों ने वन विभाग का एक मोबाइल भी छीन लिया। इसके बाद उन्होंने पीओआर क्रमांक 44297/16 दिनांक 8 अगस्त 2026 में जब्त मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-41-जेडएफ-8728 को जिस कमरे में रखा गया था, उसका ताला तोड़ दिया। आरोपी मोटरसाइकिल के साथ शासकीय उड़नदस्ता की चाबी भी लेकर फरार हो गए।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना इछावर पुलिस ने अपराध क्रमांक 342/26 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6), 121(1), 132, 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट और लूट की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल टीम गठित की।
ये भी पढ़ें: महिला विरोधी बयान पर घिरे गुना विधायक, महिला कांग्रेस ने एसपी को ज्ञापन देकर कहा-'पन्नालाल शाक्य पर केस दर्ज करें'
14 अगस्त को पहली गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक सीहोर सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन और एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी इछावर रामबाबू राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मानसिंह कोरकू को 14 अगस्त को गिरफ्तार किया। इसके बाद फरार चल रहे जयकिशन कोरकू और महेश सिंह कोरकू को 19 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
लूटी गई बाइक, चाबी और हथियार बरामद
एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में लूटी गई मोटरसाइकिल, वन विभाग की उड़नदस्ता टीम की चाबी और वारदात में इस्तेमाल किया गया दराता जब्त किया है। सभी आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल सीहोर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
ये भी पढ़ें: कटनी: NSUI का छात्र अधिकार पैदल मार्च, पुलिस ने छात्रों पर चलाया वाटर कैनन
तीनों आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में मानसिंह कोरकू पिता अनारसिंह कोरकू उम्र 45 वर्ष निवासी गादिया, जयकिशन कोरकू पिता पूनम सिंह उम्र 32 वर्ष निवासी दौलतपुर और महेश सिंह कोरकू पिता बलदेव सिंह कोरकू उम्र 40 वर्ष निवासी दौलतपुर शामिल हैं।













