‘कच्चा बादाम’ गर्ल अंजलि अरोड़ा बनीं माता सीता, ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ के टीजर मचा बवाल; शुरू हुई ट्रोलिंग

‘कच्चा बादाम’ फेम सोशल मीडिया स्टार अंजलि अरोड़ा जल्द ही बड़े पर्दे पर माता सीता के किरदार में नजर आने वाली हैं। उनकी फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का टीजर रिलीज हो चुका है। टीजर सामने आते ही अंजलि की कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ यूजर्स अंजलि की पुरानी कंट्रोवर्सी का हवाला देते हुए उनकी कास्टिंग पर सवाल उठा रहे हैं और मेकर्स से उन्हें फिल्म से हटाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, उनके फैंस उनके नए किरदार को लेकर उत्साहित भी हैं।
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर विवाद
फिल्म का टीजर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर अंजलि अरोड़ा को माता सीता के किरदार में लेने को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने उनकी कास्टिंग का विरोध किया है। वहीं कई लोगों ने मेकर्स से अभिनेत्री को फिल्म से हटाने की मांग की है। दूसरी ओर, अंजलि के फैंस उनका समर्थन करते हुए फिल्म में उनके नए अंदाज को देखने का इंतजार कर रहे हैं।
‘कच्चा बादाम’ से मिली थी पहचान
अंजलि अरोड़ा को सोशल मीडिया पर बड़ी पहचान वायरल गाने ‘कच्चा बादाम’ पर बनाए गए रील्स से मिली थी। इसके बाद वह कंगना रनौत के रियलिटी शो ‘लॉक अप’ में नजर आईं। शो के दौरान कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के साथ उनकी दोस्ती और बॉन्डिंग भी काफी चर्चा में रही थी। इसके बाद अंजलि सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियों में बनी रहीं।
फेक वीडियो विवाद में दर्ज कराई थी FIR
साल 2022 में एक विवादित वीडियो वायरल होने के बाद अंजलि अरोड़ा का नाम भी चर्चा में आया था। हालांकि, अंजलि ने उस वीडियो को फर्जी बताया था। उनका कहना था कि वीडियो को एडिट कर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई। इस मामले में अंजलि ने कुछ मीडिया पोर्टल्स और YouTube चैनलों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने वीडियो को लेकर कानूनी कार्रवाई भी की थी।
बॉयफ्रेंड की गिरफ्तारी भी रही चर्चा में
अंजलि के बॉयफ्रेंड आकाश सनसनवाल भी एक मामले को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेरठ के एक टोल प्लाजा पर उनकी कार पर फर्जी VIP स्टीकर लगा मिला था। इसके बाद पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया था और उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
विवाद और सोशल मीडिया ट्रोलिंग के बीच ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में अंजलि अरोड़ा माता सीता और अभिनेता देव शर्मा भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। अब फिल्म की रिलीज के साथ यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक अंजलि को माता सीता के किरदार में किस तरह स्वीकार करते हैं।












