Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर: पुलिस ने चोरी किया खुलासा, 57 लाख का हाईवा 12 घंटे में राजस्थान से बरामद; आरोपी फरार

सीहोर के भैरुंदा में 57 लाख रुपए कीमत के हाईवा डंपर की चोरी ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया, लेकिन चोरों को शायद अंदाजा नहीं था कि वारदात के महज कुछ घंटों में पुलिस उनका रास्ता राजस्थान तक खोज निकालेगी। भैरुंदा पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे के भीतर चोरी गया हाईवा राजस्थान के अकलेरा से बरामद कर लिया।
सीहोर: पुलिस ने चोरी किया खुलासा, 57 लाख का हाईवा 12 घंटे में राजस्थान से बरामद; आरोपी फरार
57 लाख का हाईवा 12 घंटे में राजस्थान से बरामद

सीहोर। 19 सितंबर को दिगवाड़ निवासी अरविन्द सिंह तोमर ने थाना भैरुंदा पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका हाईवा डंपर क्रमांक MP 37 ZL 9666, जिसकी कीमत करीब 57 लाख रुपए है, शिवहरे पेट्रोल पंप के सामने खड़ा था। कुछ समय बाद वह गायब मिला। आसपास तलाश के बाद भी जब डंपर का पता नहीं चला तो चोरी की आशंका में पुलिस को सूचना दी गई।

FIR होते ही पुलिस ने शुरू किया ऑपरेशन

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना भैरुंदा में मामला दर्ज किया गया। मामला 57 लाख रुपए के वाहन का था, इसलिए पुलिस ने जांच में समय गंवाने के बजाय तत्काल टीमों को मैदान में उतार दिया। एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम दांगी और उपनिरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में दो पुलिस टीमें गठित की गईं।

ये भी पढ़ें: गांधीसागर पहुंची नई मादा चीता; मुख्यमंत्री ने बाड़े में छोड़ा, नाम रखा ‘राधा’, मप्र के दूसरे घर में अब 4 चीते

80 CCTV फुटेज ने खोला चोरों का रास्ता

पुलिस टीमों ने हाईवा के संभावित रूट को चिन्हित करने के लिए आसपास और रास्ते में लगे करीब 80 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक-एक कैमरे की फुटेज को जोड़ते हुए पुलिस ने डंपर की आवाजाही का संभावित रास्ता तैयार किया। तकनीकी साक्ष्यों ने भी जांच को आगे बढ़ाया और पुलिस को यह संकेत मिलने लगे कि चोरी का वाहन प्रदेश की सीमा पार कर चुका है।

राजस्थान बॉर्डर पर पुलिस ने बिछाया जाल

एसडीओपी रोशन कुमार जैन ने बताया कि हाईवा के राजस्थान की तरफ बढ़ने की जानकारी मिलते ही भैरुंदा पुलिस ने सीमावर्ती थाना क्षेत्रों से संपर्क साधा। कंट्रोल रूम के माध्यम से डंपर के नंबर और पहचान संबंधी जानकारी तत्काल दूसरे राज्यों तक पहुंचाई गई। राजस्थान पुलिस से लगातार समन्वय किया गया, ताकि 57 लाख के इस वाहन को प्रदेश की सीमा पार कर निकलने से पहले रोका जा सके।

Breaking News

अकलेरा में पुलिस ने जब्त किया हाईवा 

लगातार निगरानी और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय का असर सामने आया। थाना अकलेरा, जिला झालावाड़ राजस्थान पुलिस की सहायता से चोरी गया हाईवा डंपर रोक लिया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर विधिवत जब्त कर लिया। इस तरह वारदात के महज 12 घंटे के भीतर चोरी का 57 लाख रुपए कीमत का हाईवा बरामद कर लिया गया।

पुलिस को देखते ही अंधेरे में भागा चालक

पुलिस के अनुसार हाईवा को रोकने के बाद कार्रवाई शुरू होते ही उसका चालक मौके से भाग निकला। रात का अंधेरा उसके लिए ढाल बन गया और वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। अब पुलिस की कार्रवाई वाहन की बरामदगी पर रुकने वाली नहीं है। फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने तलाश तेज कर दी है।

ये भी पढ़ें: पत्रकार बनकर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अवैध वसूली, दो आरोपी गिरफ्तार; एक फरार

वाहन बरामद, अब आरोपी तक पहुंचने की चुनौती

पुलिस के हाथ 57 लाख रुपए का हाईवा लग चुका है, लेकिन चोरी की पूरी कहानी अभी बाकी है। डंपर किसने चुराया, चालक कौन है और वारदात के पीछे कितने लोग शामिल थे। इन सवालों के जवाब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सामने आएंगे। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर फरार आरोपी तक पहुंचने में जुटी है।

12 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा 

भैरुंदा पुलिस की कार्रवाई में CCTV, तकनीकी साक्ष्य और अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय अहम कड़ी बने। जिस हाईवा को चोर भैरुंदा से उठाकर राजस्थान तक ले गए, उसे पुलिस ने महज 12 घंटे में बरामद कर लिया। अब निगाहें उस आरोपी पर हैं, जो अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला और जिसे पकड़ना पुलिस की अगली बड़ी चुनौती है। 

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...Read More

Latest Posts